Bulandshahr Accident: मेरठ के भाजपा नेता के बेटे का शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम, पत्नी व मां का रोकर बुरा हाल
मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा नेता संजय त्यागी के बेटे अंकित त्यागी समेत तीन की मौत। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
कंकरखेड़ा। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय त्यागी के बेटे अंकित त्यागी, डॉ. आशुतोष पूनिया और महेश कुमार की मौत के बाद मंगलवार सुबह क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद अंकित त्यागी का शव जब कंकरखेड़ा स्थित डिफेंस एन्क्लेव उनके आवास पहुंचा तो पत्नी, मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सुबह से लगी सांत्वना देने वालों की भीड़
सुबह करीब छह बजे शव पहुंचते ही ग्रामीणों, भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों का घर पर तांता लग गया। सभी ने परिजनों को ढांढस बंधाया। अंकित त्यागी, एमएलसी अश्वनी त्यागी के भतीजे थे।
यह भी पढ़ें: Accident: बुलंदशहर सड़क हादसे में मेरठ के डॉक्टर आशुतोष पूनिया की मौत, चार साल पहले हुई थी शादी
पोल्ट्री फार्म देखकर लौटते समय हुआ हादसा
अंकित त्यागी, डालमपुर निवासी डॉ. आशुतोष पूनिया और बुलंदशहर निवासी महेश कुमार सोमवार को क्रेटा कार से बुलंदशहर पोल्ट्री फार्म देखने गए थे। रात में मेरठ लौटते समय गुलावठी क्षेत्र में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर उनकी कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: UP: एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से मातम, भाई का फोन न उठने पर घर पहुंची बहन, अंदर का मंजर देख उड़े होश
सूरजकुंड श्मशान घाट में अंतिम संस्कार
शव को अंतिम संस्कार के लिए सूरजकुंड श्मशान घाट ले जाया गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, भाजपा नेता इंद्रपाल बजरंगी, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, संयुक्त व्यापार संघ उपाध्यक्ष नीरज मित्तल समेत कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
अंकित त्यागी अपने पीछे पत्नी दीपशिखा त्यागी, चार वर्षीय पुत्र देवांश, पिता संजय त्यागी और मां छाया त्यागी को छोड़ गए हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
