Meerut: जामिया इस्लामिया अरबिया गुलजारे हुसैनिया के मोहतमिम मौलाना अब्दुल्ला मुगैसी का निधन
मेरठ के किठौर क्षेत्र के अजराड़ा कस्बे से जामिया इस्लामिया अरबिया गुलजारे हुसैनिया के मोहतमिम और ऑल इंडिया मिल्ली कौंसिल के सदर मौलाना अब्दुल्ला मुगैसी का निधन हो गया। उनके इंतकाल की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे।
विस्तार
मौलाना अब्दुल्ला मुगैसी के निधन की खबर से पूरे समाज में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे। मौलाना अब्दुल्ला मुगैसी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक सम्मानित इस्लामी विद्वान और सामाजिक मार्गदर्शक के रूप में जाने जाते थे। वे लंबे समय से अजराड़ा स्थित जामिया इस्लामिया अरबिया गुलजारे हुसैनिया से जुड़े हुए थे और बतौर मोहतमिम संस्थान का संचालन कर रहे थे। इसके साथ ही वे ऑल इंडिया मिल्ली कौंसिल के सदर पद पर रहते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
कोरोना काल में निभाई विशेष भूमिका
कोरोना काल के दौरान उनकी भूमिका विशेष रूप से चर्चा में रही थी। उन्होंने लोगों से लॉकडाउन के नियमों का पालन करने, मस्जिदों में भीड़ से बचने और घरों में इबादत करने की अपील की थी। इसके अलावा उन्होंने जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया था, जिसकी हर वर्ग ने सराहना की थी।
सामाजिक तौर पर भी रहे सक्रिय
मौलाना मुगैसी सामाजिक सौहार्द, धार्मिक शिक्षा और समाज सेवा के लिए जाने जाते थे। रमजान सहित अन्य धार्मिक मौकों पर वे हमेशा प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील करते रहे। स्थानीय लोगों, उलमा और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।