Meerut: सरधना में तालाब की सरकारी जमीन पर कब्जा, 25 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
मेरठ के दौराला क्षेत्र के दादरी गांव में तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में 25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन और न्यायालय के आदेश के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।
विस्तार
मेरठ के दौराला क्षेत्र के दादरी गांव में तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि न्यायालय और प्रशासन के आदेशों के बावजूद आरोपियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया।
लेखपाल की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
मटौर गांव के हल्का लेखपाल राकेश कुमार की तहरीर पर दौराला थाने में यह प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में बताया गया कि दादरी गांव में खसरा नंबर 440 की 1.4420 हेक्टेयर भूमि तालाब की सार्वजनिक सरकारी संपत्ति है, जिस पर अवैध निर्माण कर कब्जा कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: UP: पीडीए के फार्मूले पर जाति जनगणना बनेगी चुनावी ढाल, बसपा के बिखराव का फायदा उठाने की फिराक में सपा
एनजीटी और प्रशासन ने दिए थे अतिक्रमण हटाने के आदेश
इस मामले की सुनवाई दिल्ली स्थित नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में भी हो चुकी है। सुनवाई के बाद न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सरधना तहसीलदार द्वारा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा-67 के तहत बेदखली की कार्रवाई की गई और जिलाधिकारी मेरठ ने भी आदेशों की पुष्टि की।
नोटिस के बावजूद नहीं हटाया कब्जा
लेखपाल के अनुसार कई बार नोटिस देने और मौके पर चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है।
मामले में गांव दादरी निवासी अनिकेत, सनिकेत, स्वाति, हरकरण, रोहताश, रामचरण, कटार सिंह, इन्द्रजीत, ओमपाल, सुभाष उर्फ नरेश, भूरे उर्फ राजेश, रामसिंह, ईश्वर, विक्रम, हरवीर, जयवीर, संतराम, विश्राम, धर्मपाल, प्रवेश, रामबल, नरेंद्र, विरेंद्र, जिले और भरत को नामजद किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दौराला पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।