Meerut: सरधना में सीमेंट फैक्टरी की छत से गिरकर मजदूर की मौत, परिजनों का हंगामा
मेरठ के सरधना क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री की छत से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण फैक्ट्री परिसर में पहुंचकर हंगामा करने लगे और फैक्ट्री मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की।
विस्तार
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सीमेंट फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री की छत से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री परिसर में हंगामा करते हुए फैक्ट्री मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की।
काम के दौरान छत से गिरा मजदूर
जानकारी के अनुसार गोटका गांव निवासी 50 वर्षीय मनोज पुत्र ओमप्रकाश पिछले करीब एक वर्ष से फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह काम के दौरान फैक्ट्री की छत से अचानक नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 4 मई को आपके शहर में क्या हुआ
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने घायल मनोज को तुरंत कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने फैक्ट्री में किया हंगामा
मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को फैक्ट्री परिसर में लाकर रख दिया और फैक्ट्री मालिक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए हंगामा किया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बताया गया है कि फैक्ट्री का मालिक दीपक त्यागी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
