सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut:Speeding Roadways Bus Runs Over Family on Bike at Begumpul, Woman Killed

Meerut: बेगमपुल पर तेज रफ्तार बस का कहर, बाइक सवार परिवार को रौंदा, महिला की दर्दनाक मौत

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Mon, 13 Apr 2026 09:25 AM IST
विज्ञापन
सार

मेरठ के बेगमपुल चौराहे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती और उनकी चार साल की बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति और बेटी घायल हो गए।

Meerut:Speeding Roadways Bus Runs Over Family on Bike at Begumpul, Woman Killed
हादसे में घायल व्यक्ति व मौके पर पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मेरठ के लालकुर्ती थाना क्षेत्र में बेगमपुल चौराहे के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती और उनकी मासूम बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में 24 वर्षीय महिला वर्षा की बस के नीचे कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति रोहित और चार साल की बेटी आरोही घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
Trending Videos


जानकारी के अनुसार मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर शेरगढ़ी निवासी रोहित पेशे से इलेक्ट्रिशियन हैं। रविवार को वह अपनी पत्नी वर्षा और चार साल की बेटी आरोही के साथ सोफीपुर स्थित रिश्तेदारी में गए थे। देर रात करीब 12 बजे रोहित अपनी स्पलेंडर बाइक से पत्नी और बेटी के साथ घर लौट रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

जैसे ही उनकी बाइक बेगमपुल स्थित शास्त्री की प्रतिमा के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित और बेटी आरोही सड़क के बाईं ओर जा गिरे, जबकि वर्षा दाईं ओर बस के पहिये के नीचे आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस वर्षा को कुचलते हुए हापुड़ रोड की ओर भाग निकली। बस के नीचे कुचलने से महिला का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसके अंग सड़क पर दूर तक बिखर गए। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही पास स्थित आबूलेन चौकी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रोहित और उसकी बेटी आरोही को उपचार के लिए दयानंद नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले को लेकर सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार रोडवेज बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed