Meerut: यूट्यूबर शादाब जकाती की नहीं थम रही मुश्किलें, महिला ने लगाए बंधक बनाने और मारपीट के गंभीर आरोप
Meerut YouTuber Shadab Jakati controversy : मेरठ के यूट्यूबर शादाब जकाती पर छत्तीसगढ़ की महिला ने बंधक बनाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इंचौली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
विस्तार
मेरठ के चर्चित यूट्यूबर शादाब जकाती की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शादाब जकाती एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इंचौली थाने में तहरीर दी है। पीड़िता का कहना है कि वह खुद भी फेसबुक और इंस्टाग्राम के लिए रील बनाती है और अपने वीडियो प्रमोशन के लिए उसने शादाब जकाती से संपर्क साधा था।
यह भी पढ़ें: UP: भाभी से शादी करेगा यूपी पुलिस का सिपाही, तीन बच्चों को भी अपनाएगा, भाई की हत्या के बाद लिया बड़ा फैसला
महिला का आरोप है कि मेरठ बुलाने के बाद शादाब जकाती ने उसे एक स्थान पर बंधक बना लिया, जहां उसके साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया। आरोपों में यह भी कहा गया है कि शादाब की पत्नी भी उसके साथ मारपीट करती थी।
जान से मारने की धमकी का दावा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादाब जकाती और उसके सहयोगियों से उसे और उसके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। डर के चलते वह लंबे समय तक चुप रही, लेकिन अब उसने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई है।
सोशल मीडिया पर सक्रिय पीड़िता
पीड़िता फेसबुक पर तबस्सुम खान सईद नाम से पेज चलाती है, जहां वह नियमित रूप से वीडियो पोस्ट करती है। पुलिस इस पूरे मामले में सोशल मीडिया चैट और कॉल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इंचौली थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
