Meerut: पिता की मौत की खबर मिलते ही घर लौट रहे थे बेटे, सड़क हादसे में एक की मौत, भाई गंभीर घायल
Meerut Road Accident News Today: मेरठ के सरधना क्षेत्र में गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर घायल हो गया। दोनों पिता की मौत की खबर के बाद घर लौट रहे थे।
विस्तार
मेरठ में गंगनहर के चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मुजफ्फरनगर निवासी शुऐब (27) की मौके पर मौत हो गई। हादसे में उसका भाई शाहवेज गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई पिता की मौत की सूचना मिलने पर जयपुर से बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
सूचना मिलते ही दोनों हेलमेट लगाकर रात में ही बाइक से घर के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार रात करीब 12:15 बजे जैसे ही वे सरधना थाना क्षेत्र के गंगनहर के चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर पहुंचे। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने शुऐब को मृत घोषित कर दिया, जबकि शाहवेज का प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया। पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली। परिजनों ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द आरोपी ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के भाई शाहवेज ने बताया कि शुऐब बाइक चला रहा था। उनकी पत्नी नाजरीन का रोकर बुरा हाल है और तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पिता की मौत की खबर से पहले ही परिवार शोक में था।
पिता को कंधा देना था, चली गई खुद की जान
पिता को अंतिम विदाई और कंधा देने निकले बेटे की खुद सड़क पर सांसें थम गईं। तीन मासूम बच्चे अपने पिता का इंतजार करते रह गए और पत्नी नाजरीन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक ही रात में परिवार के दो सहारे छिन गए।
