सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Police alert after Bhim Army announced a shutdown today in protest against CAA and NRC

भीम आर्मी के बंद के एलान को लेकर यूपी पुलिस अलर्ट, तीन युवक हिरासत में लिए

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Mon, 24 Feb 2020 01:51 AM IST
विज्ञापन
Police alert after  Bhim Army announced a shutdown today in protest against CAA and NRC
meerut police, up police - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भीम आर्मी के भारत बंद के एलान के इनपुट पर पुलिस प्रशासन ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मेरठ के कमिश्नरी पार्क से पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। वहीं बदर अली को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। गौरतलब है कि 30 जून 2019 को शांति मार्च के जुलूस में बदर अली जेल गया था। उधर भीम आर्मी के बंद के एलान को देखते हुए आंबेडकर चौक पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Trending Videos


एसएसपी अजय साहनी ने शनिवार को सभी थानेदारों को निर्देश दिए। कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में भीड़ सड़क पर उतरी तो थानेदार निलंबित किए जाएंगे। सीओ भी जिम्मेदार होंगे। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात है। रविवार सुबह पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैगमार्च निकाला। 
विज्ञापन
विज्ञापन


एससी/एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में दो अप्रैल 2018 को उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान कंकरखेड़ा हाईवे पर वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी और शोभापुर पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया गया था। आंबेडकर चौक पर भी पुलिस के वाहनों में आगजनी की थी। घटना में पूर्व विधायक समेत 200 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

खुफिया विभाग ने पुलिस प्रशासन को जानकारी दी कि पदोन्नति में आरक्षण, सीएए और एनआरसी को लेकर 23 फरवरी को भीम आर्मी द्वारा भारत बंद का एलान  किया गया। इस संबंध में पुलिस प्रशासन ने शनिवार को सोतीगंज, सदर बाजार, परतापुर, टीपीनगर, मवाना, परीक्षितगढ़ समेत अन्य स्थानों पर मीटिंग कर निर्देश दिए कि यदि धरना प्रदर्शन, जुलूस या दुकानें बंद कराई तो पुलिस सख्ती से निपटेगी।

एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि शहर को 5 जोन, 15 सेक्टर और 42 सब सेक्टर में बांटा गया है। चार एडिशनल एसपी, दस सीओ लगाए गए हैं। शहर में एक कंपनी आरएएफ, तीन कंपनी पीएसी और 400 दरोगा व हेड कांस्टेबल के अलावा सभी थानों की फोर्स लगाई गई है।

एसपी सिटी ने बताया कि दो अप्रैल 2018 को जिन क्षेत्रों में ज्यादा हिंसा हुई थी, वहां अतिरिक्त फोर्स लगाया गया है। पुलिस ने दो अप्रैल की हिंसा में जेल जाने वाले आरोपियों के घर दबिश देकर चेतावनी दी है। वहीं शाम को गंगानगर थाने पर बैठक हुई। एसएसआई केपी सिंह ने क्षेत्र के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

सीएए, एनआरसी का विरोध जारी रहेगा : मौलाना महमूद मदनी
लिसाड़ीगेट क्षेत्र के नीचा सद्दीकनगर में शनिवार को एक शादी समारोह में निकाह पढ़ाने के लिए जमीयत उलमा ए हिंद के महामंत्री मौलाना महमूद मदनी ने शिरकत की। निकाह के बाद महमूद मदनी ने लोगों से शादियों में फिजूल खर्चे से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी मुद्दे पर विरोध जारी रहेगा। जिसके लिए कोर्ट में कानूनी लड़ाई जारी है।

मौलाना मदनी ने 20 दिसंबर को मेरठ की हिंसा में मारे गए युवकों के परिजनों से हमदर्दी जताई। कहा, मामले में मुकदमे की पैरवी से लेकर हरसंभव मदद परिवार के लोगों के लिए की जा रही है। मेरठ से एडवोकेट रियासत अली, जबकि हाईकोर्ट में एडवोकेट शाहनवाज मुकदमा लड़ रहे हैं।

इस दौरान जमीयत उलमा ए हिंद के महानगर अध्यक्ष एवं नायब शहरकाजी जैनुर राशिद्दीन, कारी सलमान कासमी, कारी अमीर आजम, हाफिज शब्बीर, हाजी इमरान सिद्दीकी, हाजी शीराज रहमान, रियासत अली, एडवोकेट अयूब अंसारी, फारूख अंसारी मौजूद रहे।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed