परिवार गिरफ्तार: कबाड़ी बनकर रेकी, फिर मास्क लगाकर डायमंड शोरूम में की चोरी, तीन करोड़ के गहने व नकदी बरामद
सहारनपुर में थाना सदर बाजार, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने दिल्ली रोड पर टाटा कंपनी के डायमंड शोरूम में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में दिल्ली रोड स्थित टाटा कंपनी के कैरटलेन डायमंड शोरूम में 22 जनवरी की रात हुई चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। चोरी को एक चोर ने मास्क लगाकर अंजाम दिया था, जो दीवार काटकर शोरूम के अंदर दाखिल हुआ था।
यह भी पढ़ें: UP: सहारनपुर में एसआईआर ड्यूटी में लगे बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत, सिंचाई विभाग में थे वरिष्ठ सहायक
कबाड़ी बनकर की थी लंबी रैकी
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि मुख्य आरोपी इरशाद उर्फ काला ने करीब एक महीने तक कबाड़ी के वेश में शोरूम की रेकी की थी। मौसम खराब होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
परिवार के पांच सदस्य गिरफ्तार
थाना सदर बाजार, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने रेलवे की छोटी लाइन के पास से इरशाद उर्फ काला, दिलशाद, सलमा, सीमा और काली को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी आपस में परिजन बताए जा रहे हैं।
तीन करोड़ के गहने और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से नौ नेकलेस, 67 ब्रेसलेट, 17 मंगलसूत्र, 32 जोड़ी ईयररिंग, दो गले के सेट, 18 पेंडेंट, तीन चार्म्स, 90 अंगूठियां, 32 चेन, 11 चूड़ियां, 40 अन्य सोने के आभूषण और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी की कुल कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
27 मुकदमों का पुराना अपराधी निकला मास्टरमाइंड
पूछताछ में मुख्य आरोपी इरशाद उर्फ काला ने कबूल किया कि वह पेशेवर चोर है और उसके खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 27 मामले दर्ज हैं। चोरी के आभूषणों को अन्य राज्यों में बेचने में उसके परिजन सहयोग करते थे।
