मिर्जापुर। 39वीं वाहिनी पीएसी में उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान सोमवार सुबह डिहाइड्रेशन से आठ अभ्यर्थी बेहोश हो गए। सभी को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।
सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत शारीरिक दक्षता परीक्षण कराया जा रहा है। सोमवार सुबह चार बजे दौड़ थी। दौड़ के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान आठ अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। वे बेहोश हो गए। उन्हें सुबह साढ़े नौ बजे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल लाया गया। अस्पताल लाए गए अभ्यर्थियों में अनुरुद्ध यादव (22) निवासी अलावनपुर, थाना सिकरीगंज, गोरखपुर; अनुराग श्रीवास्तव (31) निवासी न्यू कॉलोनी, मोधापुर, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर; विशाल पांडेय (28) निवासी मदनपुरा, थाना करिया, गोपालगंज (बिहार); अवनीश बथना (22) निवासी मरदह, गाजीपुर; विनय यादव (24) निवासी सैयदराजा, चंदौली; आकाश (24) निवासी देवीपुर, गोरखपुर; अभिषेक (24) निवासी खजनी, गोरखपुर तथा एक अज्ञात अभ्यर्थी शामिल थे। उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार आया। इमरजेंसी के डॉक्टर ने बताया कि अभ्यर्थियों की तबीयत डिहाइड्रेशन के कारण खराब हुई थी। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर सभी को भेज दिया गया। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि सुबह चार बजे 600 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल हुए थे। कुछ लोगों को चक्कर आने की शिकायत मिलने के बाद उपचार कराया गया।