UP News: मॉर्च्यूरी में रखे युवक के शव को चूहों ने कुतरा, परिजनों का आरोप- फ्रीजर खराब होने पर मंगाई बर्फ
मिर्जापुर जिले में मंडलीय अस्पताल के मॉर्च्यूरी का फ्रीजर खराब होने पर घरवालों ने शव रखने के लिए बर्फ खरीदकर दिए। लेकिन रात भर में शव को चूहों ने कुतर डाला।
विस्तार
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मंडलीय अस्पताल के मॉर्च्यूरी में रविवार की रात रखे युवक के शव का मांस चूहे खा गए। सोमवार की सुबह जानकारी होने पर परिजनों ने हंगामा किया और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने कहा कि फ्रीजर खराब होने पर रात को ही बर्फ मंगाई गई। बर्फ लगाने के लिए कर्मचारियों ने दो हजार रुपये भी ले लिए पर शव सुरक्षित नहीं रखा। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र निवासी अभिषेक सैनी उर्फ किशन (25) रविवार की देर शाम घर के पीछे की ओर बने कमरे में पंखे पर फंदे से लटका मिला था। परिजन उसे मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी लेकर आए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अभिषेक के बड़े भाई राजू माली ने बताया कि रात को शव मॉर्च्यूरी में रखवा दिया गया। लिखा-पढ़ी के बाद कहा कि शव दिखा दीजिए ताकि उस पर चद्दर ओढ़ा दें। मॉर्च्यूरी में शव पर चद्दर ओढ़ाने आए तो देखा कि अंदर कीड़े-मकोड़े और गर्मी थी। लगा कि शव खराब हो जाएगा। तीन कर्मचारियों ने बताया कि फ्रीजर खराब है।
कहा कि बर्फ लेकर आइए। इसके बाद बर्फ ले आए। फिर बर्फ लगाने के दो हजार रुपये ले लिए। सुबह देखा कि शव का आधा किलो मांस चूहे या कोई जानवर खा गया था। कमर और हाथ का हिस्सा क्षतिग्रस्त था। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते यह घटना हुई है।
उधर, परिजनों ने इस घटना के विरोध में हंगामा किया। इसके बाद पुलिस और अस्पताल प्रशासन के लोग पहुंचे। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस और अस्पताल प्रशासन के आश्वासन पर परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
इसे भी पढ़ें; Chaitra Navratri: 20 घंटे होंगे मां विंध्यवासिनी के दर्शन, चरण स्पर्श रहेगा प्रतिबंधित; चार पहर की होगी आरती
क्या बोले अधिकारी
अफसोस जनक घटना है। इमरजेंसी में तैनात दो वार्ड बॉय और एक स्वीपर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्राचार्य के निर्देश पर जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहां सफाई कराई जा रही है। जाली भी लगाई जा रही है। इलेक्टि्रशियन से जांच कराई गई तो फ्रीजर ठीक मिला। हालांकि कूलिंग की समस्या है। पैसा लेने और शव को जमीन पर रखने की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. सचिन किशोर, सीएमएस, मंडलीय अस्पताल
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.