सीएम योगी का विपक्ष पर हमला: बोले- पहले व्यापारी असुरक्षित थे, बेटियां डरती थीं, अब बदली यूपी की तस्वीर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में 365.50 करोड़ रुपये की 74 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 136.15 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिनमें बुद्धि विहार फेज-2 का वॉर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और खेल पार्क प्रमुख हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में 365.50 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें वाॅर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और खेल पार्क का लोकार्पण शामिल है। बुदि्ध विहार फेज-2 के मैदान पर जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर पहुंचने के बाद दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान को नमन किया।
भामाशाह के त्याग ने महाराणा प्रताप के स्वाभिमान की लड़ाई को दी नई ताकत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दानवीर भामाशाह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग और समर्पण भारत के इतिहास में राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित कर स्वाभिमान और स्वतंत्रता की लड़ाई को नई शक्ति प्रदान की।
सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत पीतलनगरी मुरादाबाद, गुरु जंभेश्वर की पावन साधना स्थली और भारत की आजादी के क्रांतिकारियों की धरती को नमन करते हुए की। उन्होंने दानवीर भामाशाह जयंती और व्यापारी कल्याण दिवस की प्रदेशवासियों, विशेषकर व्यापारी वर्ग को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद दौरे के दौरान उन्हें सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने का अवसर मिला है। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर इन परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन इस बात का प्रमाण है कि समाज का एक व्यक्ति भी राष्ट्र की सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। उन्होंने हल्दीघाटी युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि युद्ध के बाद जब महाराणा प्रताप को कठिन परिस्थितियों में जंगलों में संघर्ष करना पड़ा और संसाधनों का अभाव हो गया, तब भामाशाह अपनी पूरी संपत्ति लेकर उनके पास पहुंचे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भामाशाह द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग से महाराणा प्रताप ने वर्षों तक अपनी सेना का संचालन किया और मुगल बादशाह अकबर के सामने संघर्ष जारी रखा। उन्होंने कहा कि भामाशाह का त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को दुर्घटना में 10 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी उद्यमी या व्यापारी जीएसटी में पंजीकरण कराता है, यदि उसके साथ कोई दुर्घटना या अप्रिय घटना होती है, तो डबल इंजन सरकार उसके परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है।
मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारी वर्ग की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीएम योगी ने कहा कि आज का मुरादाबाद पहले के मुकाबले पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा कि पहले और आज के मुरादाबाद में जमीन-आसमान का अंतर है। सरकार की विकास योजनाओं, बेहतर कानून व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जिले ने नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सुशासन के माध्यम से हर क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
तुर्कों का साम्राज्य खत्म, अब रामराज्य ही चलेगा
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों के पास विकास का कोई विजन नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इनके लिए विकास का मतलब केवल अपने परिवार का विकास है, जबकि भाजपा के लिए प्रदेश के 25 करोड़ लोगों का विकास ही सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मुरादाबाद देहात में भी डबल इंजन सरकार का विधायक होता तो विकास की गति और तेज होती।
सीएम योगी बोले- शिक्षा, नवाचार और विकास की नई पहचान बन रहा है मुरादाबाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुरादाबाद अब शिक्षा, नवाचार और आधुनिक विकास की नई पहचान बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जहां उच्च शिक्षा के लिए युवाओं को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, वहीं अब मुरादाबाद का अपना विश्वविद्यालय है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का मुरादाबाद नवाचार और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शहर में चौड़ी सड़कों का निर्माण, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का विस्तार और आधुनिक सुविधाओं का विकास इसकी नई पहचान बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में श्रीराम वाटिका, संविधान वाटिका सहित कई पार्कों का सौंदर्यीकरण किया गया है। इसके साथ ही पौराणिक विरासत और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले क्रांतिकारियों तथा स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को भी संरक्षित और विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरादाबाद में आयोजित यह समारोह विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और आधुनिक प्रगति का जीवंत उदाहरण है। यह दर्शाता है कि सरकार विकास के साथ-साथ इतिहास, संस्कृति और राष्ट्र के गौरवशाली नायकों को सम्मान देने का कार्य भी समान रूप से कर रही है।
पहले व्यापारी असुरक्षित थे, बेटियां डरती थीं
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने कहा कि उस समय युवाओं के लिए रोजगार नहीं था, किसानों के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में प्रदेश में एक कहावत चल पड़ी थी कि देख सपाई, बिटिया घबराई । उनका कहना था कि यह उस समय की कानून-व्यवस्था और असुरक्षा का प्रतीक बन गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ था और आम नागरिक भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर थे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। आज व्यापारी सुरक्षित वातावरण में कारोबार कर रहे हैं, बेटियां खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं और प्रदेश विकास, सुशासन तथा निवेश की नई पहचान बन चुका है।
अयोध्या को स्वीकार करना हमारी वैचारिक विजय, अब मथुरा-वृंदावन पर भी खुलकर बोलें विपक्ष
सीएम ने मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उन्हें अयोध्या को स्वीकार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को विपक्ष के सहयोग की आवश्यकता नहीं है लेकिन अयोध्या को स्वीकार करना उसकी वैचारिक विजय है। उन्होंने कहा कि एक दिन समाजवादी पार्टी के नेता भी राम नाम का संकीर्तन करेंगे और अपनी पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा रामभक्तों पर गोली चलाने तथा जय श्रीराम बोलने वालों पर लाठीचार्ज कराने के लिए पश्चाताप करेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में जो विकास कार्य होने थे, वे आज पूरे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ा गया है, जिसका नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। घाटों, जनसुविधाओं और अन्य परियोजनाओं का नामकरण भी भगवान राम से जुड़े पात्रों और महापुरुषों के नाम पर किया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई सुविधाएं भारतीय संस्कृति और परंपरा का सम्मान करती हैं।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि उनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चली थीं, जबकि आज वही अयोध्या विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और विकास का केंद्र बन चुकी है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में अपनी सोच बदल चुका है तो उसे मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए।
लाइनपार का नाम दाऊदयाल खन्ना नगर बनाने का एलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता अब किसी राजनीतिक छलावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की साइकिल पंचर हो चुकी है और उसकी राजनीतिक गति समाप्त हो गई है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि विपक्ष राम का नाम ले रहा है तो यह भी अच्छी बात है। राम नाम का स्मरण करने से कभी न कभी कल्याण अवश्य होगा।
मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि सरकार गुरु जंभेश्वर मंदिर के कॉरिडोर के विकास के लिए कार्य करेगी। इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद की प्रमुख हस्ती दाऊदयाल खन्ना के सम्मान में लाइनपार क्षेत्र का नाम 'दाऊदयाल खन्ना नगर' रखा जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दाऊदयाल खन्ना ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपने पूज्य गुरु महंत अवैद्यनाथ के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान दिया था। मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद नगर, कुंदरकी और बिलारी विधानसभा क्षेत्रों के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के विकास को अपना विकास मानकर कार्य कर रही है और इसी सोच के कारण उत्तर प्रदेश आज देश के सामने विकास का नया मॉडल बनकर उभरा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुंदरकी के मतदाताओं ने प्रचंड जनादेश देकर यह साबित कर दिया है कि तुर्कों का साम्राज्य खत्म होने के साथ अब रामराज्य ही चलेगा।
मुख्यमंत्री ने संभल के हरिहर मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों की सोच आस्था और विरासत के साथ खिलवाड़ करने वाली रही है। उन्होंने कहा कि करीब 500 वर्ष पहले बाबर के समय जिस प्रकार संभल के हरिहर मंदिर के साथ अन्याय हुआ, यदि उस समय समाज जागरूक और संगठित होता तो कोई आक्रांता मंदिर के अस्तित्व को नुकसान पहुंचाने का साहस नहीं कर पाता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की विभाजनकारी राजनीति उसी मानसिकता को आगे बढ़ाने का काम करती है।
पहले कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर खर्च होता था पैसा, अब मंदिरों और विरासत के संरक्षण पर हो रहा निवेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम में पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकारों और वर्तमान सरकार की सोच में मूलभूत अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकारी धन पौराणिक और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर नहीं, बल्कि कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनाने पर खर्च किया जाता था। उन्होंने कहा कि आज वही धन मंदिरों के सौंदर्यीकरण, संविधान वाटिकाओं के निर्माण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों के सम्मान तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की नीति तुष्टिकरण की थी, इसलिए प्रदेश में विकास बाधित रहा और दंगे तथा कर्फ्यू आम बात थे। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है। पहले दंगे होते थे, अब प्रदेश में दंगा नहीं, विकास होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और विध्वंसकारी मानसिकता रखने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट नीति अपनाई है कि किसी भी बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले, व्यापारी से रंगदारी या लूट करने वाले, युवाओं के रोजगार में सेंध लगाने वाले अथवा किसानों के अधिकारों का हनन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं को रोजगार, किसानों की समृद्धि, गरीबों के उत्थान और व्यापारियों तथा उद्यमियों को सुरक्षित एवं बेहतर कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद की विकास गति को और तेज करना होगा और इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में डबल इंजन सरकार के जनप्रतिनिधियों का चुना जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कुंदरकी की जनता ने भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह को भारी मतों से विजयी बनाया, उसी तरह कांठ और ठाकुरद्वारा सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा के प्रतिनिधि चुनकर आने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सभी क्षेत्रों में कमल खिलेगा तभी विकास की गति और तेज होगी तथा समृद्धि आएगी।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके हालिया बयानों को देखकर ऐसा लगता है कि या तो उन्हें सद्बुद्धि आ गई है या फिर वह जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए जिन्होंने अयोध्या और रामभक्तों की उपेक्षा की वह अब रामभक्तों के हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे राजनीतिक बदलावों की वास्तविकता को भलीभांति समझती है।
मुरादाबाद सदर विधायक रितेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व केवल एक मुख्यमंत्री का नहीं, बल्कि मजबूत नेतृत्व और जनसेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने संकल्प, ईमानदार नीयत और निर्णायक नेतृत्व से उत्तर प्रदेश की दिशा और दशा दोनों बदलने का काम किया है। आज प्रदेश कानून व्यवस्था, आधारभूत ढांचे, निवेश, औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए विकास मॉडल के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और विकास की मजबूत नींव रखी गई है, जिससे करोड़ों लोगों का विश्वास सरकार पर बढ़ा है। आज आम नागरिक खुद को अधिक सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस कर रहा है। युवा नए अवसर प्राप्त कर रहे हैं, जबकि किसान और गरीबों तक सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच रहा है।
रितेश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री का जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन और जनसेवा का उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व यह संदेश देता है कि राजनीति सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मुरादाबाद में भी विकास कार्यों को नई गति मिली है। कनेक्टिविटी, शहरी विकास, स्वच्छता अभियान और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शहर लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।
कुंदरकी विधायक बोले- योगी सरकार में एक्सप्रेसवे नेटवर्क का तेजी से हुआ विस्तार
कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की विशेष कृपा कुंदरकी क्षेत्र पर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने पांच-पांच वर्षों में सीमित संख्या में एक्सप्रेसवे बनाए, जबकि योगी सरकार ने नौ वर्षों में प्रदेश में रिकॉर्ड स्तर पर एक्सप्रेसवे नेटवर्क का विस्तार किया है।
उन्होंने कहा कि पहले आगरा-लखनऊ और यमुना एक्सप्रेसवे तक ही विकास सीमित था, लेकिन योगी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ क्षेत्र से जुड़े मार्गों समेत कई नई परियोजनाओं पर तेजी से काम कराया। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे, बलिया लिंक और फर्रुखाबाद को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने जैसी परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
विधायक ने कहा कि अमरोहा और आसपास के क्षेत्रों को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की दिशा में भी कार्य संचालित है। उनका कहना था कि योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़क अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिली है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- योगी राज में अपराध पर लगी लगाम, यूपी बना देश की विकास यात्रा का नेतृत्वकर्ता
कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था ऐतिहासिक रूप से मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी और अपराध का माहौल था, लेकिन अब अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हुई है। अपराधी या तो जेल में हैं, प्रदेश छोड़ चुके हैं या अपराध की दुनिया से बाहर हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश देश की विकास यात्रा का नेतृत्व कर रहा है। महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी जीडीपी वाला राज्य बन चुका है और इसका लाभ सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, सुरक्षा समेत सभी क्षेत्रों के विकास में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने किसानों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले चीनी मिलें बेची जा रही थीं और गन्ना भुगतान में भारी देरी होती थी, लेकिन अब गन्ना किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है तथा चीनी मिलें कैन एक्ट के प्रावधानों के अनुसार भुगतान कर रही हैं।