मुरादाबाद में भीषण आग: चार सिलिंडर फटने से रेस्टोरेंट में भगदड़, एक महिला की मौत... नाै लोग झुलसे, Video
मुरादाबाद के एक रेस्टोरेंट में सिलिंडर फटने से भीषण आग लग गई। इसमें एक महिला की माैके पर ही माैत हो गई। नाै लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे कारणें का पता लगा रही है।
विस्तार
शादी समारोह में छोड़े जा रहे पटाखों से निकली चिंगारी से रविवार की रात रामपुर रोड पर प्रेम वंडर लैंड के नजदीक परी रेस्टोरेंट में आग लग गई। एक के बाद एक पांच सिलिंडर धमाके के साथ फट गए। देखते ही देखते तीन मंजिला भवन आग की चपेट में आ गया। धुएं में दम घुटने से रेस्टोरेंट मालिक की मां माया श्रीवास्तव की जान चली गई और नौ लोग झुलस गए।
इस दौरान पहली और दूसरी मंजिल पर मौजूद 12 लोगों ने कूदकर जान बचाई। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद दो घंटे में आग पर काबू पाया। प्रेम वंडर लैंड के नजदीक प्रदीप श्रीवास्तव का तीन मंजिला परी रेस्टोरेंट हैं। इस रेस्टोरेंट का रसोईघर बेसमेंट में है। रविवार की रात दस बजे रसोईघर में खाना बनाया जा रहा था।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि रेस्टोरेंट के पास ही एक शादी समारोह का आयोजन हो रहा था। कुछ लोग पटाखे छुड़ा रहे थे। एक पटाखा आकर रेस्टोरेंट में गिरा, इससे आग लग गई। आग बेसमेंट में स्थित रेस्टोरेंट के रसोईघर तक पहुंच गई। देखते ही देखते एक-एक कर पांच सिलिंडर फट गए। खाना बना रहे कर्मचारी मौके से भाग निकले।
आग बेसमेंट से प्रथम तल से होते हुए दूसरे और तीसरे तल पर जाने लगी। धुएं के गुबार और आग से चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एफएसओ ज्ञान प्रकाश शर्मा फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय आग तीसरी मंजिल तक पहुंच गई थी।
तीसरी मंजिल पर रेस्टोरेंट संचालक का परिवार रहता है। एसपी सिटी का कहना था कि रेस्टोरेंट मालिक प्रदीप श्रीवास्तव समेत करीब 12 लोग दूसरी और तीसरी मंजिल से कूदकर निकले। झुलसे लोगों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने झुलसी रेस्टोरेंट मालिक की मां माया श्रीवास्तव (56) पत्नी जय प्रकाश श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया।
अन्य नौ लोगों का डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सात लोगों को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। एसपी सिटी का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना शॉर्ट सर्किट से होना माना जा रहा है।