मुरादाबाद में खौफनाक वारदात: भाई ने नाबालिग बहन को गला रेतकर मार डाला, आंगन में पड़ी थी लाश, छत पर सोया आरोपी
मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र के फरहेदी खुर्द गांव में भाई ने अपनी नाबालिग बहन की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के समय परिवार सगाई समारोह में गया हुआ था। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र में सनसनीखेज घटना सामने आई है। घर में अकेली नाबालिग बहन की उसके ही भाई ने धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी छत पर सोता मिला। उसका पूरा परिवार सगाई समारोह में गया हुआ था। घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि भारत सिंह अपनी पत्नी कुसुम और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मझोला क्षेत्र के मीरापुर में अपनी बहन की बेटी की सगाई में शामिल होने गए थे। घर में उनका बेटा विक्की और नाबालिग बेटी रीता ही मौजूद थी। देर रात जब परिवार सगाई समारोह से वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए।
आंगन में रीता का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। इसे देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। घर की छत पर विक्की सोता हुआ मिला। उसके कपड़ों पर खून के छींटे लगे थे, जिससे शक और गहरा गया।
पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शक के आधार पर विक्की को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और हत्या से इनकार करता रहा। जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और उसने बहन की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। एसपी देहात कुंवर आकाश और सीओ अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि युवती के पिता भारत सिंह की तहरीर पर आरोपी विक्की के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस खौफनाक वारदात को लेकर स्तब्ध हैं।

कमेंट
कमेंट X