मुरादाबाद: एयरपोर्ट पर खड़ा है डिप्टी CM का प्लेन, तकनीकी टीम करेगी परीक्षण, उड़ाने से पहले निकला था धुआं
मुरादाबाद एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के प्लेन में उड़ान से पहले तकनीकी खराबी आ गई। इंजन से धुआं निकलने के बाद उन्हें सड़क मार्ग से लखनऊ रवाना होना पड़ा। मंगलवार को लखनऊ से आने वाली तकनीकी टीम प्लेन की जांच करेगी। इसके बाद विमान को रवाना किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद में उड़ान से पहले मुरादाबाद एयरपोर्ट पर प्लेन में आई खराबी की जांच मंगलवार को तकनीकी टीम करेगी। तब तक प्लेन मुरादाबाद एयरपोर्ट पर ही खड़ा रहेगा। जांच के बाद प्लेन को लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सोमवार शाम 4:15 बजे काफिले के साथ मुरादाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे।
जबकि उनके आने का समय 5:30 बजे निर्धारित था। 5:35 बजे प्लेन को लखनऊ के लिए रवाना होना था। समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचे डिप्टी सीएम ने भाजपा के मंडल महामंत्रियों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने मंडल महामंत्रियों के साथ बैठक की जिसमें संगठन की मजबूती पर चर्चा की गई। इसके बाद वह लखनऊ के लिए प्लेन में सवार हुए।
उड़ान से पहले ही प्लेन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद उन्हें प्लेन छोड़कर कार से लखनऊ जाना पड़ा। प्लेन की तकनीकी खराबी की जांच के लिए मंगलवार को लखनऊ से टीम आएगी। यह टीम इंजन से धुआं निकलने की जांच करेगी। टीम की ओर से ओके सर्टिफिकेट मिलने के बाद उसे लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक डिप्टी सीएम को एयरपोर्ट पर साढ़े पांच बजे पहुंचना था। लेकिन वह पहले आ गए। महानगर के दस मंडलों के महामंत्री उनके स्वागत में पहुंचे थे। प्लेन में तकनीकी खराबी आने पर बाई रोड लखनऊ चले गए।
संभल से आई फ्लीट से लखनऊ के लिए हुए रवाना
अमरोहा का दाैरा पूरा करने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक संभल पहुंचे। यहां के कार्यक्रमों में हिस्सा लेनेे के बाद वह फ्लीट के साथ मुरादाबाद एयरपोर्ट के निकले। उड़ान के लिए प्लेन के पंखें घूमने शुरू हुए तो धुआं निकलने लगा। इसके बाद वह प्लेन से उतर गए। करीब 5:10 बजे वह उसी फ्लीट के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
उड़ने से पहले ही विमान के इंजन से निकला धुआं, सुरक्षित निकाले गए डिप्टी सीएम
मुरादाबाद एयरपोर्ट पर सोमवार की शाम 4:15 बजे टेकऑफ से पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और धुआं निकलने लगा। इससे हड़कंप मच गया। तत्काल एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने डिप्टी सीएम को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। विमान में उस वक्त डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पायलट, निजी सचिव समेत छह लोग सवार थे।
जब विमान की तकनीकी खराबी दूर नहीं हुई तो डिप्टी सीएम कार में सवार होकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। सोमवार को डिप्टी सीएम ने अमरोहा और संभल जिलों में अस्पतालों का निरीक्षण किया था और अफसरों व भाजपा नेताओं के साथ समीक्षा बैठकें की थीं। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक डिप्टी सीएम को संभल दौरे के बाद मुरादाबाद एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए सरकारी विमान से रवाना होना था।
संभल से डिप्टी सीएम शाम को कार द्वारा एयरपोर्ट पहुंचे। करीब एक घंटे पहले ही बीच क्राफ्ट सुपर किंग एयर 200 कंपनी का विमान मुरादाबाद एयरपोर्ट पर पहुंच गया था। डिप्टी सीएम एयरपोर्ट के वीआईपी लॉज में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद करीब 4.15 बजे विमान में सवार हो गए।
उनके अलावा विमान में पायलट, सुरक्षा कर्मी और निजी सचिव समेत छह लोग थे। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि विमान के पायलट की लगातार एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से वार्ता चल रही थी। विमान के इंजन स्टार्ट थे और एटीसी से टेकऑफ की अनुमति भी मिल गई थी। विमान को रनवे पर आना था लेकिन इसी दौरान विमान के एक इंजन से धुआं निकलने लगा।
पायलट ने तुरंत इसकी जानकारी एयरपोर्ट प्रशासन को दी।एयरपोर्ट के अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल डिप्टी सीएम तथा अन्य लोगों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला। काफी देर तक जब विमान की तकनीकी खराबी ठीक नहीं हो पाई तो शाम करीब 4.30 बजे डिप्टी सीएम कार से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
एयरपोर्ट के सहायक प्रबंधक एटीसी अजय कुमार ने बताया कि विमान एयरपोर्ट पर ही खड़ा है। पायलट ने विमान कंपनी के अधिकारियों को सूचना दे दी है। इंजीनियरों की टीम आकर जांच करेगी। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि विमान में क्या खराबी आई थी।
विमान में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। जिस कारण उपमुख्यमंत्री कार से लखनऊ चले गए हैं। विमान में क्या तकनीकी खराबी आई थी यह तो एयरपोर्ट प्रशासन और विमान कंपनी के अधिकारी ही बता पाएंगे। - सतपाल अंतिल, एसएसपी