UP: डिप्टी सीएम के विमान से निकला धुआं, मुरादाबाद एयरपोर्ट पर हड़कंप, अमरोहा-संभल का दाैरा कर जा रहे थे लखनऊ
अमरोहा और संभल दौरे के बाद लखनऊ लौट रहे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सरकारी विमान में मुरादाबाद एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी आ गई। रनवे पर विमान का एक इंजन बंद हो गया और उसमें से धुआं निकलने लगा। एहतियातन विमान रोककर डिप्टी सीएम को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमरोहा और संभल जिले का दौरा कर लखनऊ लौट रहे प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के विमान में मुरादाबाद एयरपोर्ट पर अचानक तकनीकी खराबी आ गई। रनवे पर उड़ान भरने की तैयारी के दौरान सरकारी जहाज का एक इंजन बंद हो गया और उसमें से धुआं निकलने लगा।
घटना से एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और तकनीकी टीम तत्काल सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया और डिप्टी सीएम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई। तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इंजन में तकनीकी खराबी की बात सामने आ रही है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और सभी यात्री व अधिकारी सुरक्षित हैं।
पाठक बोले- भयंकर तनाव में गुजर रहे राहुल गांधी और अन्य कांग्रेसी नेता
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गजराैला सीएचसी का निरीक्षण कर जानकारी ली कि कितने मरीज आते हैं। दवाइयों की उपलब्धता देखी। स्टॉक रजिस्टर चेक किया। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर निशाना साधा।
कहा कि राहुल समेत सभी कांग्रेसी नेता भयंकर तनाव से गुजर रहे हैं। डिप्टी सीएम और प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने सोमवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। ऑक्सीजन गैस सिलिंडर की स्थिति चेक की। हेल्थ एटीएम पर उपस्थित कर्मचारी से जानकारी लेने पर उसने बताया कि 28 मरीजों का पंजीकरण हुआ है।
आयुष्मान कक्ष में प्रतिदिन बनने वाले आयुष्मान कार्डों की जानकारी ली। इस दौरान सीएमओ डॉ.योगेंद्र सिंह ने बताया कि यहां पर प्रतिदिन 50-60 आयुष्मान कार्ड बनाए जाते हैं। डिप्टी सीएमओ को एक मरीज बैठा मिला। जिसके हाथ में फ्रैक्चर था।
डिप्टी सीएम ने तत्काल एक्स-रे कर इलाज शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद डिप्टी सीएम ने टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। उन्होंने अच्छा कार्य करने वाली प्रीति, आयशा, उमेश, जसवंती, संगीता, अंशू, सीमा, रुखसाना, गुड्डी, दयावती, नूरजहां, विनेश, ओमवती, बीना, मीना, ऊषा आदि आशाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
डिप्टी सीएम ने आयुष्मान कार्ड लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड सौंपे। औषधि भंडार कक्ष में दवाइयों का रखरखाव और स्टॉक की जानकारी ली। सीएचसी कार्यालय में स्टाफ की उपस्थिति रजिस्टर चेक की। इस दौरान प्रेस वार्ता की।
उन्होंनेे धूप से बचने के लिए कहा। बताया कि अमरोहा जिले को बेहतर बनाने का काम कर रहे हैं। 1947 में देश आजाद हुआ। उस समय सिर्फ 40 मेेडिकल कॉलेज थे, जबकि आज प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। मंथन चल रहा है कि हर मंडल स्तर पर एक कैंसर अस्पताल खोला जाएगा।
अमरोहा में ट्रॉमा सेंटर प्रस्तावित है। जल्द ही खुलेगा। सभी जानते हैं कि 2017 से पहले प्रदेश की हालत कैसी थी। अमरोहा में गुंडों की भरमार थी। समाजवादी पार्टी का नारा है खाली प्लाट हमारा है। अब कानून व्यवस्था दुरुस्त है। इस मौके पर मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा, पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, डीएम डॉ. नितिन गौड़ साथ रहे।