UP: एटीएस ने रामपुर से युवक को उठाया, आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का शक, दुबई कनेक्शन की हो रही जांच
लखनऊ एटीएस ने आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के शक में रामपुर निवासी मो. ग्यास को गिरफ्तार किया है। एएसपी अनुराग सिंह ने युवक को एटीएस द्वारा पकड़े जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वह कुछ समय पहले ही सऊदी से वापस आया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के शक में लखनऊ एटीएस ने रामपुर के ताशका का मजरा निवासी मो. ग्यास (22) को गिरफ्तार किया है। सूचना मिलने पर परिजन लखनऊ के लिए रवाना हो गए। मो. ग्यास की मां हसीन जहां ने बताया कि छह मई को छह पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे थे।
उन्होंने खुद को एटीएस से जुड़ा बताया और मो. ग्यास के बारे में पूछताछ की। साथ ही उसे दिल्ली से बुलाने के लिए कहा था। उन्होंने बताया कि सात मई को जैसे ही ग्यास मुरादाबाद पहुंचा, एटीएस ने पूछताछ के लिए उसे पकड़ लिया।
मंगलवार को सिविल लाइंस पुलिसकर्मी घर पहुंचे और बताया कि ग्यास को बुधवार को लखनऊ कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां परिजन उससे मिल सकते हैं। हसीन जहां ने बताया कि सूचना मिलने के बाद उनके पति तौफीक लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं।
उनका कहना है कि उन्हें बताया गया कि उनका बेटा आतंकी गतिविधियों में शामिल है। उधर, एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि एटीएस ने रामपुर के एक युवक को पकड़ा है। इससे अधिक जानकारी एटीएस की ओर से साझा नहीं की गई है।
सऊदी में करता था काम, एक माह पहले लौटा था भारत
ग्यास की मां ने बताया कि उनके सात बच्चे हैं, जिनमें चार लड़कियां और तीन लड़के हैं। ग्यास आठवीं तक पढ़ा है और बिजली व एसी का काम करता है। उन्होंने बताया कि वह छह महीने तक सऊदी में काम करता रहा।
पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद अप्रैल में वह भारत लौट आया था और दिल्ली में एसी मैकेनिक का काम करने लगा था। परिवार के मुताबिक ग्यास के पिता मंडी में सब्जी खरीदने-बेचने का काम करते हैं, जबकि परिवार की महिलाएं बीड़ी बनाने का काम करती हैं।
एक बेटा प्लाई कंपनी में मजदूरी करता है। परिवार ने कहा कि उनका बेटा आतंकी नहीं है और मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।