UP: मुरादाबाद के भोगपुर में दो पक्षों में पथराव, पत्थर लगने से महिला की मौत, टूट गई थी सिर की हड्डियां
भोगपुर के बीजना में होली खेलने के दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों के बीच पथराव और डंडे चलने से महिला की माैत हो गई। पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विस्तार
मुरादाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र के बीजना में होली खेलने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें पत्थर लगने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर पर बाप बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भोजपुर के बीजना निवासी मुकुट सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव में होली खेली जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी जागन सिंह के परिवार के बच्चों से हमारे परिवार के बच्चों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि जागन सिंह, उनके बेटे राजीव और रिंकू के साथ लाठी-डंडे लेकर गया और उसने हमारे परिवार के लोगों पर हमला कर दिया था।
इस दौरान आरोपियों ने पथराव भी किया। इस मामले में मुकुट सिंह के पिता रामकिशोर, मां लक्ष्मी देवी और बहन किरण गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थर लगने से लक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट लगी। परिजनों ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि लक्ष्मी के सिर की हड्डियां टूट गई थीं और अधिक खून बह जाने से उसकी मौत हो गई। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
मझोला में नाले में मिला युवक का शव
मझोला थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह नाले में युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। मझोला थाना क्षेत्र में करूला की पुलिया के पास बृहस्पतिवार की सुबह बच्चे खेल रहे थे।
उन्होंने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा तो शोर मचा दिया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी जानकारी मिलने पर मझोला थाने से पुलिस भी आ गई। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुला लिया। इसके बाद शव को नाले से बाहर निकाला गया।
उसका शरीर बुरी तरह गल गया था। आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। मृतक की उम्र करीब 35 साल रही होगी। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ठेले पर शव ले गई पुलिस, वीडियो वायरल
मुरादाबाद पुलिस ने पहले ठेले पर शव रखा और एंबुलेंस तक ले गई। इसी दौरान किसी वे वीडियो बना लिया और इससे अमानवीय व्यवहार बताते हुए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस की ओर से बयान दिया गया कि जहां शव पड़ा मिला था वहां तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई थी। एंबुलेंस तक ठेले में शव रखा गया था।
