Muzaffarnagar: मस्जिद में धर्मांतरण की कोशिश का आरोप, तीन गिरफ्तार, किसान को फंसाने पर भाकियू का अल्टीमेटम
मुजफ्फरनगर के भोकरहेड़ी गांव की मस्जिद में धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में भाकियू टिकैत ने किसान को फंसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर जिले के भोकरहेड़ी गांव की मस्जिद में धर्मांतरण के प्रयास के आरोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी किसान को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। उधर, मामले को लेकर किसान संगठनों और हिंदू संगठनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।
तीन आरोपी मोरना से गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार सीकरी गांव निवासी किसान अफसर अली के घर पर करीब 15 वर्षों से नौकर राकेश शर्मा काम कर रहा था। आरोप है कि उसे पास के भोकरहेड़ी गांव की मस्जिद में ले जाकर नमाज पढ़वाई गई और धर्मांतरण का प्रयास किया गया।
इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने तीन दिन पहले अफसर अली के साथ सलमान, दानिश और अनस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने फरार चल रहे सलमान, दानिश और अनस को मोरना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अफसर अली को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने पीड़ित नौकर के कोर्ट में बयान भी दर्ज करा दिए हैं।
भाकियू टिकैत ने पुलिस को दिया सात दिन का अल्टीमेटम
मामले की गूंज भारतीय किसान यूनियन टिकैत की मासिक बैठक में भी सुनाई दी। संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने किसान को गलत तरीके से फंसाया है।
महावीर चौक स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि पुलिस कुछ संगठनों के दबाव में आकर किसान को जबरन जेल भेज रही है और मामले को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है।
भाकियू ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर किसान के हित में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करेगा।
यशवीर महाराज और किसान नेताओं में आरोप-प्रत्यारोप
बघरा आश्रम के संचालक यशवीर महाराज ने इस मामले में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी धीरज लाटियान पर आरोप लगाया कि वह आरोपियों का बचाव कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अफसर अली कुछ वर्ष पहले राकेश शर्मा को अपने साथ लेकर आया था और उसे नमाज सिखाने का प्रयास किया गया। उन्होंने ऐसे किसी भी कथित जिहाद का विरोध करने की बात कहते हुए चेतावनी दी कि ऐसे मामलों को बचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्रांति सेना ने भी की कड़ी कार्रवाई की मांग
वहीं क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने एसपी देहात से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि युवक को मात्र 100 रुपये का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया गया। संगठन ने वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

कमेंट
कमेंट X