Muzaffarnagar News:आंधी बनी काल, ईंट भट्ठे की दीवार गिरी, मलबे में दबकर मजदूर की मौत
मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में आंधी और बारिश के दौरान ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से मजदूर अजय कश्यप की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने मौके पर हंगामा किया और भट्ठा स्वामी के आने तक शव उठाने नहीं दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सैद नंगला मार्ग स्थित एक ईंट भट्ठे की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
तेज आंधी के बीच हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे भट्ठे पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। अचानक भट्ठे की एक दीवार गिर गई और वहां काम कर रहे अजय कश्यप मलबे के नीचे दब गए। साथ में काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर उन्हें मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: कपसाड़ कांड: मेडिकल रिपोर्ट ने बदला पासा, कोर्ट ने पारस को माना बालिग, फिर जाएगा जेल, पढ़ें-क्या था पूरी घटना
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अजय कश्यप मुथरा गांव के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अजय परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे और उनकी मौत से परिवार गहरे संकट में आ गया है।
भट्ठा स्वामी के आने तक नहीं उठाने दिया शव
हादसे के बाद परिजनों ने मौके पर हंगामा करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक भट्ठा स्वामी मौके पर नहीं पहुंचेंगे और उचित कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।