UP: पीलीभीत में 14 साल की गर्भवती किशोरी ने खाया जहर, उपचार के दौरान मौत, छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
पीलीभीत के गजरौला क्षेत्र में यौन शोषण की शिकार 14 वर्षीय किशोरी ने जहर खाकर जान दे दी। बताया गया कि वह दो माह की गर्भवती थी। गांव के ही किशोर पर यौन शोषण करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है। उसके पिता को भी गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के गजरौला क्षेत्र में जहर खाने वाली किशोरी ने उपचार के दौरान सोमवार शाम दम तोड़ दिया। बरेली के अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार शाम शव घर पहुंचने पर छात्रा के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। बुधवार दोपहर सीओ सिटी ने गांव पहुंचकर परिजन को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन माने और शव का अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी किशोर व उसके पिता समेत छह लोगों के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया था। मामले में मुख्य आरोपी व उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है।
गजरौला क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने 23 जुलाई को गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि गांव के ही 15 वर्षीय किशोर ने उनकी 14 वर्षीय पुत्री को शादी का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। दोनों परिवारों को जानकारी होने पर आपसी सहमति से दोनों के बालिग होने के बाद विवाह कराने की बात तय हुई थी। इसके बावजूद दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत जारी रही।
किशोर ने फोन नंबर कर दिया था ब्लॉक
आरोप है कि कुछ समय बाद किशोर ने शादी करने से इन्कार कर दिया और छात्रा का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इससे छात्रा मानसिक तनाव में आ गई। 13 जुलाई को उसने घर में ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। 18 जुलाई को उसे निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां 27 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस बीच 23 जुलाई को परिजन ने आरोपी पक्ष के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दो माह की गर्भवती थी किशोरी
परिजन का आरोप है कि इलाज के दौरान छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में किशोर पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। उसके दो माह की गर्भवती होने की बात भी सामने आई थी। बरेली में पोस्टमॉर्टम के बाद छात्रा का शव गांव पहुंचा तो परिजन अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं हुए।
उनका कहना था कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने अस्पताल में पीड़िता द्वारा दिए गए बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने नामजद मुख्य आरोपी 15 साल के किशोर व उसके पिता श्रीकृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि मामले में पूर्व में ही रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। छात्रा की मौत के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। परिजनों को निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।