पीलीभीत टाइगर रिजर्व: अब अनुभवी नेचर गाइड ही कराएंगे जंगल की सैर, सफारी चालकों को भी दिया जा रहा प्रशिक्षण
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र एक नवंबर से शुरू होगा। इस बार नेचर गाइडों के चयन में लिखित परीक्षा समाप्त कर दी गई है। अब अनुभवी गाइडों को प्राथमिकता मिलेगी। पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए 100 नेचर गाइड और 100 सफारी चालकों का आठ दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू किया गया है।
विस्तार
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में नए पर्यटन सत्र के दौरान सैलानियों को जंगल की सैर कराने की जिम्मेदारी अनुभवी नेचर गाइडों को दी जाएगी। गाइडों के चयन की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए इस बार लिखित परीक्षा की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब पीटीआर में पहले काम कर चुके गाइडों को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, पर्यटकों को जंगल और वन्यजीवों की बेहतर जानकारी देने के लिए 100 नेचर गाइड और 100 सफारी वाहन चालकों का आठ दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू किया गया है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र एक नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर रिजर्व प्रशासन तैयारियों में जुटा है। महोफ रेंज के प्रसिद्ध इको टूरिज्म स्थल चूका बीच पर हटों का रंग-रोगन कराया जा रहा है। सफारी मार्गों की साफ-सफाई और मरम्मत का काम भी तेजी से चल रहा है। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ जंगल सफारी को सुरक्षित और जानकारीपूर्ण बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण देने के लिए पुणे से आए दो विशेषज्ञ
महोफ रेंज के मुस्तफाबाद में 17 से 24 अक्तूबर तक प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इसके लिए पुणे से दो विशेषज्ञों को बुलाया गया है। विशेषज्ञ नेचर गाइडों को जंगल, वन्यजीवों और पक्षियों से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं। वहीं, सफारी वाहन चालकों को जंगल में वाहन संचालन और वन्यजीवों की साइटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य यह है कि सैलानियों को जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों के बारे में सही जानकारी मिले और उनकी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
अनुभव को प्राथमिकता
पीटीआर प्रशासन ने इस बार नेचर गाइडों के चयन में अनुभव को प्राथमिकता दी है। पिछले पर्यटन सत्रों में लिखित परीक्षा कराकर वरीयता क्रम के आधार पर गाइडों का चयन किया जाता था। इस बार यह व्यवस्था बदल दी गई है। अब उन लोगों को तरजीह दी जा रही है, जो पहले भी पीलीभीत टाइगर रिजर्व में नेचर गाइड के रूप में काम कर चुके हैं। इससे जंगल के रास्तों, वन्यजीवों की गतिविधियों और पर्यटन क्षेत्र की बेहतर जानकारी रखने वाले गाइडों की सेवाएं ली जा सकेंगी।
डीएफओ मनीष सिंह का कहना है कि नए पर्यटन सत्र को ध्यान में रखते हुए नेचर गाइडों और सफारी वाहन चालकों का विशेष प्रशिक्षण कराया जा रहा है। पुणे से आए विशेषज्ञ संवाद कौशल, वन्यजीवों की जानकारी और जंगल सफारी के दौरान सुरक्षा संबंधी सावधानियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि पर्यटकों को बेहतर और प्रामाणिक अनुभव मिल सके।
पर्यटकों को मिलेगा बेहतर अनुभव
पीलीभीत टाइगर रिजर्व अपनी जैव विविधता और बाघों की मौजूदगी के लिए देश-दुनिया में पहचान रखता है। हर साल यहां बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल सफारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गाइडों और सफारी चालकों को प्रशिक्षण देकर पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है।