Pilibhit News: धूमधाम से निकाली गई तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर; देखें वीडियो
पीलीभीत में हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और एसएसबी जवानों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने लोगों से 13 से 15 अगस्त तक घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को शहर में तिरंगा रैली निकाली गई। विकास भवन चौराहे से शुरू हुई रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, एसएसबी जवानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभाग किया। रैली के दौरान पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रैली का शुभारंभ सामूहिक रूप से वंदे मातरम के गायन के साथ हुआ। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव और भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य के संयुक्त नेतृत्व में रैली विकास भवन चौराहे से रवाना हुई। टनकपुर मार्ग से होते हुए रैली नेहरू पार्क पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यह भी पढ़ें- Railway News: बरेली से जयपुर और साबरमती का सफर होगा आसान, चलेगी विशेष साप्ताहिक ट्रेन; समय सारिणी जारी
रैली में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), एनसीसी कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, महिला स्वयं सहायता समूह, युवा कल्याण विभाग, सामाजिक संगठनों, नागरिकों और नेकी की दीवार सामाजिक संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। मार्ग में लोगों ने भी रैली का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की गई। साथ ही स्वच्छता, सामाजिक सौहार्द, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, कर्तव्य पालन और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संदेश भी दिया गया।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रगाढ़ करना तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करना है। उन्होंने कहा कि जिले में तहसील, ब्लॉक और नगर पालिका स्तर पर भी तिरंगा रैलियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने जनपदवासियों से 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
कई विभागों के अफसर रहे मौजूद
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने कहा कि रैली में युवाओं और नागरिकों का अनुशासन व उत्साह सराहनीय रहा। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास, गरिमा और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। इस दौरान डीएफओ सामाजिक वानिकी, मुख्य विकास अधिकारी, एसएसबी कमांडेंट, नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उपायुक्त स्वत: रोजगार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।