Pratapgarh : व्यापारी की फोड़ी आंख, हाथ-पैर तोड़कर की हत्या, नहर के पास फेंका शव
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के विदासिन गांव निवासी मन्ने लाल साहू (55) का शव ददौरा गांव में नहर के पास पाई गई। काफी मशक्कत के बाद उसकी शिनाख्त हो सकी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुंडा इलाके में बृहस्पतिवार से लापता व्यापारी का शव शुक्रवार सुबह 10 बजे लरू गांव स्थित माइनर के पास खेत में पेड़ के नीचे मिला। बताया गया कि व्यापारी की आंख फोड़ी गई, इसके बाद हाथ-पैर तोड़कर निर्मम हत्या कर दी गई। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की है। मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कुंडा के विदासिन निवासी मन्नेलाल साहू (52) बाबागंज बाजार में आढ़त का काम करते थे। पत्नी सुनीता देवी के अनुसार बृहस्पतिवार को पति दुकान पर जाने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। इस दौरान फोन करने पर व्यापारी का मोबाइल नंबर बताने लगा। इसके बाद परिजनों समेत अन्य लोगों ने घंटों तलाश की लेकिन मन्नेलाल नहीं मिले। शुक्रवार की सुबह घरवालों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस व्यापारी की तलाश में जुट गई।
सुबह करीब 10 बजे पुलिस को विदासिन के बगल लरू गांव में स्थित माइनर के पास खेत में गांव में शव मिलने की जानकारी हुई। फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी पर मन्नेलाल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पति के शव को पहचान कर पत्नी सुनीता देवी बिलखने लगीं। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वर्जनशव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। - बृजनंदन राय, एएसपी पश्चिमी
शव मिलने की सूचना पर जुटी भीड़
लरू गांव में व्यापारी की नृशंस हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस टीम ने लोगों को घटनास्थल से दूर किया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम में साक्ष्य एकत्रित किए। इस दौरान ग्रामीण भी मौके पर जमे रहे। परिजन पास में ही रोते-बिलखते रहे।
सीडीआर से हत्यारोपी तक पहुंचेगी पुलिस
पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने व्यापारी के मोबाइल नंबर का सीडीआर को खंगालना शुरू कर दिया है। अंतिम कॉल व्यापारी के पास किसने किया था। इस पर पुलिस की निगाह बनी हुई है। सीडीआर के जरिये पुलिस हत्यारोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
भाजपा नेता है व्यापारी का बेटा
व्यापारी मन्नेलाल साहू का इकलौता बेटा अजय साहू भाजपा नेता है। संगठन ने बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। व्यापारी की निर्मम हत्या पर भाजपा नेताओं ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है। साथ ही साजिश में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। मृतक की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है।