UP: गांव वालों से राहुल बोले- अंबानी के घर शादी में मैं नहीं गया, लेकिन आप शादी में बुलाएंगे तो जरूर आएंगे
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने सबसे पहले कर्नाटक और फिर हरियाणा में वोट चोरी पकड़ी थी। इसके बाद इलेक्शन कमिशन ने एसआईआर शुरू कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सांसद राहुल गांधी सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली आए तो उनके निशाने पर प्रधानमंत्री और उद्योगपति अंबानी और अदाणी रहे। बछरावां के ठकुराइनखेड़ा मजरे महेरी गांव और खीरों में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दस बारह साल में जो देश का आर्थिक ढांचे बदला है, उससे तूफान आने वाला है।
आर्थिक शॉक अंबानी, अदाणी व प्रधानमंत्री को नहीं लगेगा। वह यूपी के युवा, बेरोजगार और किसानों को लगेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तैयार किया गया आर्थिक ढांचा केवल अदाणी व अंबानी को खड़ा करने के लिए बनाया गया है। इकोनामी का जो स्ट्रक्चर खड़ा किया गया है, उससे बहुत बड़ी मुश्किल आने वाली है। कहा कि प्रधानमंत्री का रिमोट कंट्रोल डोनाल्ड ट्रंप के हाथ में है। अदाणी को बचाने के लिए अमेरिका से डील की गई है।
बछरावां के ठकुराइनखेड़ा मजरे महेरी गांव में बरातघर का लोकार्पण करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पिछले दस साल में जो जनता का पैसा था। किसानों का पैसा, मजदूरों का पैसा था, जो पैसा आप बचाकर घर में रखते थे, वह सारा का सारा पैसा छीनकर प्रधानमंत्री ने दो अरबपतियों अंबानी और अदाणी को पकड़ा दिया है। जो भी देश में धन है वह अब दो लोगों के हाथों में है। सभी इंडस्ट्री को प्रधानमंत्री ने अपने जुड़े हुए लोगों को पकड़ा दी है।
खीरों में चौराहा के समीप मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बारह साल से प्रधानमंत्री ने केवल नफरत फैलाने की राजनीति की है। लोगों के ध्यान को भटकाने और जनता का धन सारा का सारा छीनकर अंबानी और अदाणी को पकड़ाने का काम किया है।
मजदूरों का धन मनरेगा के माध्यम से छीना गया। इस योजना से करोड़ों लोगों को रोजगार मिलता था। प्रधानमंत्री ने इस योजना का नाम बदल दिया और उसका पैसा बंद कर दिया है। उन्होंने मजदूरों और छोटे व्यापारियों की जेब से पैसा छीना गया है। नोटबंदी की गई और उद्योगपतियों का पैसा माफ कर दिया गया।
इनकी राजनीति नफरत फैलाने की है। पैसा छीनने की है। प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि सोना मत खरीदों, विदेश मत जाओ। जबकि वह विदेश चले गए। प्रधानमंत्री सोना मत खरीदो की बात इस कारण कह रहे हैं क्योंकि स्टॉक मार्केट में वह अंबानी और अदाणी के पैसों की रक्षा कर रहे हैं। यदि जनता ने सोना खरीदा तो अंबानी और अदाणी का नुकसान हो जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि जो होर्मूज में हुआ है, उसका नतीजा यह है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल डीजल के दाम आसमान पर पहुंचने वाले हैं। जब इनके दाम ऊंचे होंगे तो सारी चीजों के दाम महंगे हो जाएंगे। कुछ महीनों में आर्थिक तूफान आने जा रहा है।
ऐसा तूफान जो हमने कभी नहीं देखा है। हर मीटिंग में प्रधानमंत्री से कह रहा हूं कि पिछले 12 साल में आपने जो किया, उसका दुख, दर्द अंबानी और अदाणी को नहीं होगा। मैं रोज कह रहा हूं कि युवाओं, गरीबों, किसानों और मजदूरों की ओर प्रधानमंत्री देखें लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री को एक्शन लेना शुरू करना चाहिए। हजारों करोड़ों रुपयों का तेल अंबानी बाहर बेंच रहे हैं। इन्हें रोका नहीं जा रहा है। दोनों उद्योगपति मुसीबत आने पर भाग जाएंगे या महलों में छिप जाएंगे लेकिन किसान, मजदूर, छोटा व्यापारी, बेरोजगार युवा सब कष्ट में आ जाएंगे।
राहुल गांधी ने बच्चों को दी टॉफी, पेंसिल और खिंचवाई फोटो
क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में सांसद राहुल गांधी ने सांसद निधि से बने बरातघर का मंगलवार को लोकार्पण किया। इसका निर्माण 10 लाख रुपये से हुआ है। सांसद ने लोकार्पण के बाद ग्रामीणों से बातचीत की। साथ ही उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन सांसद ने सबसे पहले प्रसिद्ध चुरूवा हनुमान मंदिर पर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया।
ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल पर लोगों के बीच पहुंचे राहुल गांधी ने हनुमान मंदिर पर माथा टेका। मंदिर के पुजारी ऋषि अवस्थी ने पूजन अर्चन कराया। इसके बाद वह ठकुराइनखेड़ा गांव पहुंचे। जहां पर मंच पर आते ही उन्होंने कहा कि आप सभी की मांग थी कि गांव में बरातघर बने।
अब यह बनकर तैयार है। मुझे खुशी है कि बेटियों की शादी बरातघर में हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी शादियों में बड़े-बड़े नेता पहुंचे हैं। अंबानी के घर में हुई शादी में बड़े नेता पहुंचे लेकिन मैं नहीं गया। आपके गांव में बरात घर बनवा दिया है । हमको बरात में आपके घर में होने वाली शादियों में आना है। अगर आप बुलाएंगे तो आपके इस बरात घर में हम शादी में शामिल होंगे।
वोट चोरी, महंगाई और बेरोजगारी पर महिलाओं से की सीधी बात
नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी मंगलवार को कस्बे के एक गेस्ट हाउस में महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। राहुल गांधी ने महिलाओं से देश के मौजूदा हालात, महंगाई, बेरोजगारी और चुनाव व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।
संवाद के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वह महिलाओं से देश के बारे में बात करने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी वोट चोरी करती है। उन्होंने कहा कि पहले बीजेपी के लोग वोट चोरी करते थे लेकिन अब इलेक्शन कमिशन एसआईआर और ईवीएम के माध्यम से वोट चोरी कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने सबसे पहले कर्नाटक और फिर हरियाणा में वोट चोरी पकड़ी थी। इसके बाद इलेक्शन कमिशन ने एसआईआर शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बंगाल और असम में वोट चोरी की गई। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को देश की बड़ी समस्या बताया।
महिलाओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। सोने और चांदी की बढ़ती कीमतों का भी उन्होंने जिक्र किया। राहुल गांधी ने महिलाओं की समस्याओं को सुनते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठा रही है। उन्होंने चुनाव में सहयोग के लिए महिलाओं का आभार भी जताया। कार्यक्रम के दौरान महिलाएं राहुल गांधी की बातें ध्यान से सुनती रहीं।
इस दौरान कई महिलाओं ने अपनी समस्याएं भी रखीं। महिला संवाद कार्यक्रम से पहले पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने राहुल गांधी का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेता और सरेनी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी सुधा द्विवेदी ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अमेठी सांसद केएल शर्मा , जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी, अमेठी एमएलसी दीपक सिंह, सुरेंद्र शर्मा, महेश प्रसाद शर्मा, अनूप बाजपेई, आकर्षक द्विवेदी सरिता गुप्ता, राजन मिश्रा, अजय सिंह, राजेश भदौरिया, कामता गौड़, दीपेंद्र गुप्ता, और कमल चौहान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने बच्चों को दी टॉफी, पेंसिल और खिंचवाई फोटो
कस्बा में जनसभा को संबोधित करने के बाद लालगंज के लिए निकले सांसद राहुल गांधी रास्ते में उन्नतखेड़ा गांव में यूथ कॉग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष नीरज मिश्रा घर पहुंच गए। इस दौरान नीरज की बेटी भूमि मिश्रा को गोदी में लेकर खिलाते हुए राहुल ने टॉफी दिया।
इस दौरान उन्होंने नीरज मिश्रा, पत्नी दीपिका मिश्रा, बेटी भूमि मिश्रा, बेटा शाश्वत मिश्र सहित पूरे परिवार के साथ बातचीत करते हुए फोटो खिंचवाकर कर हालचाल जाना। राहुल गांधी के रुकने की खबर मोहल्ले में पहुंचते ही पड़ोसी गोवर्धन पासवान, सुनील सविता, महेश लोधी, धीरेंद्र लोधी, प्रेमशंकर शुक्ला, सोनू लोधी, अंशू शुक्ला आदि लोग भी पहुंच गए। सभी से राहुल ने कुशलक्षेम पूछा। रास्ते में बनईमऊ , जगतपुर रामगढ़ी व रानीपुर गांव में खडे समर्थकों को देखकर वह रुक गए। यहां भी उन्होंने मौजूद बच्चों को टॉफी , कलम व पेंसिल दिया।