'आप मुझे इंसाफ दिला पाएंगे': आपके बड़े अफसरों को गिफ्ट देता है फैक्टरी मालिक, डीआईजी से बोला ठेकेदार
मुरादाबाद में पाकबड़ा क्षेत्र के ठेकेदार ने डीआईजी मुनिराज से शिकायत कर फैक्टरी मालिक पर 56 लाख नहीं देने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि अधिकारियों के नाम पर उसको धमकाया जाता है। डीआईजी ने प्रार्थना पत्र लेकर मामले की जांच और रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
विस्तार
मुरादाबाद एसएसपी दफ्तर में सोमवार की सुबह निरीक्षण करने पहुंचे डीआईजी मुनिराज जी से पाकबड़ा क्षेत्र में रहने वाला एक ठेकेदार बोला.. फैक्टरी मालिक ने लाखों रुपये का भुगतान रोक रखा है। वह मुरादाबाद में तैनात रह चुके आईपीएस और आईएएस अफसरों के नाम पर धमकता है और कहता है कि सभी को उसकी फैक्टरी से गिफ्ट जाते हैं।
डीआईजी ने उसका प्रार्थना पत्र देकर जांच के आदेश दे दिए। पाकबड़ा के लोधीपुर राजपूत निवासी ठेकेदार रणवीर सिंह ने डीआईजी को दिए प्रार्थना में बताया कि 2022 में उन्होंने मार्टको एक्सपोर्ट की दो बाउंड्रीवाल तैयार कराईं थीं जिस पर करीब 95 लाख रुपये खर्च हुए।
कंपनी की ओर से अब तक 39 लाख रुपये का भुगतान किया गया जबकि 56 लाख रुपये बकाया हैं। ब्याज सहित करीब 80 लाख रुपये हो चुके हैं। लेकिन हर बार आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। तकादा करने पर कई बार सिक्योरिटी गार्डों से बदसलूकी कराई गई।
उन्होंने तीन फरवरी 2026 को हिसाब के बहाने बुलाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। सोमवार सुबह कलक्ट्रेट पहुंचकर ठेकेदार ने कंपनी मालिक और उनके भाइयों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग की।
इस दौरान ठेकेदार ने यह भी बताया कि फैक्टरी के मालिक अधिकारियों के नाम पर धमकाते हैं। कहते हैं कि जिला तो छोडि़ए आस पड़ोस के जिलों के अधिकारी भी भी उनकी फैक्टरी से ही सामान लेकर आते हैं। डीआईजी मुनिराज जी ने बताया कि पाकबड़ा क्षेत्र से एक फरियादी मिला था।
उसने फैक्टरी मालिक पर भुगतान न करने का आरोप लगाया है। इस मामले में जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
ठेकेदार द्वारा दिया प्रार्थना पत्र देने का मामला मेरे संज्ञान में है। एसएसपी को बताया गया है और पूरे मामले का हिसाब तैयार कराया जा रहा है। चार साल पहले का पर्चा दिया है ठेकेदार ने। संजीव जैन, मार्टको एक्सपोर्ट के मालिक
कलक्ट्रेट में प्रदर्शन, आत्महत्या की धमकी दी
पाकबड़ा के लोधीपुर राजपूत निवासी ठेकेदार रणवीर सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान कंपनी के मजदूर भी ठेकेदार के साथ मौजूद रहे और उन्होंने फैक्टरी के फोटो को अपने हाथों में ले रखा था। ठेकेदार ने धमकी दी कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिलेगा तो वह आत्महत्या कर लेगा।
पुलिस कर्मियों ने उसे हटाने का प्रयास किया लेकिन वह प्रदर्शन करते रहे और डीआईजी से मिलने के बाद ही वह शांत हुए। इसके बाद पुलिस उसे पाकबड़ा थाने भेज दिया। जहां थाना प्रभारी और सीओ ने उसकी बात सुनी।
