Rampur: आजम खां और बेटे अब्दुल्ला से मिलने जेल पहुंचीं तजीन फात्मा, सेहत के बारे में जाना
दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे सपा नेता आजम खां से मिलने उनकी पत्नी पूर्व सांसद डॉ. तजीन फात्मा बड़े बेटे अदीब आजम के साथ रामपुर जेल पहुंचीं। उन्होंने बेटे अब्दुल्ला आजम से भी मुलाकात कर सेहत का हाल जाना। मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
विस्तार
बेटे अब्दुल्ला के दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे सपा नेता आजम खां से मिलने उनकी पत्नी पूर्व सांसद डॉ. तजीन फात्मा बड़े बेटे अदीब आजम के साथ रामपुर जेल पहुंचीं। जेल में उन्होंने बेटे अब्दुल्ला से भी मुलाकात की। मंगलवार दिन में हुई इस मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
दो पैन कार्ड मामले में सपा नेता आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को कोर्ट ने सजा सुनाई है। इस वक्त वह रामपुर जेल में हैं। 17 नवंबर से जेल में बंद सपा नेता आजम खां और अब्दुल्ला आजम से जेल में मिलने के लिए केवल उनके परिवार के सदस्य ही जा रहे हैं।
मंगलवार को आजम खां की पत्नी डा.तजीन फात्मा व बेटे अदीब आजम रामपुर जेल पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ देर मुलाकात की। साथ ही आजम खां की सेहत का हाल जाना। मुलाकात के बाद जब वह जेल से बाहर आईं तो वहां मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों ने बातचीत का प्रयास लेकिन मां-बेटे बिना कुछ कहे कार से घर चले गए।
आजम के भड़काऊ भाषण मामले में सुनवाई 23 को
सपा नेता आजम खां के भड़काऊ भाषण के मामले में कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। भोट थाने में दर्ज इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। इस मामले में मंगलवार को बचाव पक्ष की ओर से स्थगन प्रस्ताव दिया गया,जिस पर इस मामले की सुनवाई के लिए 23 फरवरी को सुनवाई होगी।
दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की अपील पर मंगलवार को अभियोजन की बहस जारी रही। इस मामले की सुनवाई अब 12 फरवरी को होगी। सपा नेता अब्दुल्ला आजम के दो पैन कार्ड मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने पिछले दिनों सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को सात साल की कैद व 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
इस मामले में बचाव पक्ष की ओर से सजा के खिलाफ और अभियोजन की ओर से सजा बढ़ाए जाने को लेकर एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में अपील दायर की गई है। मंगलवार को इस मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से बहस हुई। बहस अभी जारी है। एडीजीसी सीमा राणा के अनुसार मंगलवार को अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की बहस हुई। इस मामले में अभियोजन की बहस 12 फरवरी को भी होगी।
