Saharanpur: दैदपुरा में सरकारी नल को लेकर दो पक्षों में संघर्ष, दस घायल; आठ को जिला अस्पताल रेफर किया
सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र के दैदपुरा गांव में सरकारी नल को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों से हुए संघर्ष में दस लोग घायल हो गए, जिनमें से आठ को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
विस्तार
नकुड़ क्षेत्र के गांव दैदपुरा में रविवार को सरकारी नल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, रोड और लोहे के पाइप चलने लगे। इस झगड़े में दोनों पक्षों के कुल दस लोग घायल हो गए।
दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर हमले के आरोप
एक पक्ष के राजबीर और सुखबीर ने बताया कि उनके घर के पास स्थित सरकारी नल में दूसरे पक्ष के लोग सबमर्सिबल मोटर डाल रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इसमें अमित, नितिन, अजय कुमार, अनुज कुमार, सचिन और धर्मेश कुमार घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: कपसाड़ कांड: पारस सोम नाबालिग या नहीं, कोर्ट में अब 10 मार्च को होगी सुनवाई, जेल में जताई ये इच्छा
वहीं दूसरे पक्ष के अमरनाथ का कहना है कि सरकारी नल खराब हो गया था और वे उसे ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे अजय, अमरनाथ, ऋषभ और ऋषिपाल घायल हो गए।
आठ घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने एक पक्ष के नितिन, अमित, धर्मेश, सचिन और अनुज तथा दूसरे पक्ष के अजय, अमरनाथ और ऋषभ को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
