UP: देवबंद से जुड़े मोहाली बम साजिश के तार, ग्राम प्रधान का भाई गिरफ्तार, पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच
मोहाली बम साजिश मामले की जांच सहारनपुर के देवबंद तक पहुंच गई है। पंजाब पुलिस और यूपी एटीएस ने बचीटी गांव से एक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र का नाम मोहाली बम साजिश मामले की जांच में सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते की संयुक्त कार्रवाई में देवबंद क्षेत्र के बचीटी गांव निवासी मोहम्मद मोहतसीम को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक वर्तमान ग्राम प्रधान का भाई बताया जा रहा है।
मोहाली से देवबंद तक पहुंची जांच
जानकारी के अनुसार पंजाब के मोहाली स्थित वाईपीएस चौक फेज-7 क्षेत्र से सुरक्षा एजेंसियों ने पहले तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, बैटरी, तार और विस्फोटक उपकरण तैयार करने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई थी। मामले में मोहाली में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में शामिल मनी सिंह ने देवबंद क्षेत्र के मोहम्मद मोहतसीम का नाम लिया। इसके बाद जांच का दायरा सहारनपुर तक बढ़ाया गया।
सोशल मीडिया के जरिए हुआ संपर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार मनी सिंह और मोहतसीम के बीच संपर्क सोशल मीडिया माध्यमों से स्थापित हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों की पहचान कथित रूप से पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी के जरिए कराई गई थी। एजेंसियों को दोनों के बीच लगातार संपर्क के कुछ डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात भी सामने आई है।
आतंकवादी गतिविधियों में भूमिका की जांच
सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि संदिग्धों ने किसी आतंकी नेटवर्क को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई थी या नहीं। जांच के दौरान यह पहलू भी खंगाला जा रहा है कि व्हाट्सएप ओटीपी और अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किसी अवैध गतिविधि के लिए तो नहीं किया गया।
हालांकि जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है।
संयुक्त कार्रवाई में हुई गिरफ्तारी
सूचना मिलने के बाद पंजाब पुलिस की टीम देवबंद पहुंची और स्थानीय स्तर पर उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते की सहायता से कार्रवाई की गई। संयुक्त अभियान के दौरान मोहतसीम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों और नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों का विश्लेषण कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।