UP: मायके में पत्नी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या, आरोपी पति फरार, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सहारनपुर के छुटमलपुर में प्रेम विवाह के 14 साल बाद पति ने मायके में रह रही पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे में प्रेम विवाह के 14 साल बाद एक महिला की उसके पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके पर चाकू छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
20 दिन पहले विवाद के बाद मायके आई थी महिला
पुलिस के अनुसार हरिजन कॉलोनी निवासी बालकिशन की 32 वर्षीय बेटी मीनू ने करीब 14 वर्ष पहले फतेहपुर थाना क्षेत्र के रजापुर निवासी सन्नी सैनी से प्रेम विवाह किया था। दंपती के चार बच्चे हैं।
परिवार के अनुसार करीब 20 दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। मामला बढ़ने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। इसके बाद मीनू अपने मायके छुटमलपुर आ गई थी, जबकि चारों बच्चे अपने पिता के पास ही रह रहे थे।
यह भी पढ़ें: UP: मेरठ में 68.2 मिमी बारिश, जलभराव से शहर बेहाल, आठ बिजलीघर ठप, 10 जुलाई तक बारिश के आसार
परिजन काम पर गए, घर में अकेली थी महिला
मृतका की बहन दीपा के अनुसार बुधवार सुबह परिवार के सदस्य काम पर गए हुए थे। इसी दौरान सन्नी अपनी ससुराल पहुंचा। घर में मीनू अपने 12 वर्षीय भांजे के साथ थी। भांजे ने बताया कि दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर वह बाहर आया तो मौसा के हाथ में चाकू था। वह घबराकर पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों को बुलाने चला गया।
खून से लथपथ मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
जब परिजन वापस पहुंचे तो मीनू का शव कमरे में खून से लथपथ पड़ा मिला, जबकि आरोपी फरार हो चुका था। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस वारदात के बाद दंपती के चार बच्चे बेसहारा हो गए। बड़ी बेटी की उम्र 13 वर्ष और सबसे छोटे बेटे की उम्र छह वर्ष बताई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।