Shahjahanpur: एसडीएम कार्यालय से डिजिटल हस्ताक्षर वाली डिवाइस चोरी, वकील पर दर्ज कराई रिपोर्ट तो फूटा गुस्सा
शाहजहांपुर के तिलहर में एसडीएम कार्यालय से डिजिटल हस्ताक्षर वाली डिवाइस चोरी हो गई। इसका आरोप एक वकील पर लगा तो अधिवक्ता भड़क गए। अधिवक्ताओं ने मंगलवार एसडीएम का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की।
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर में उप जिलाधिकारी कार्यालय के कंप्यूटर कक्ष से शनिवार को एसडीएम सदानंद सरोज के डिजिटल हस्ताक्षर वाली डिवाइस चोरी हो गई। इस मामले में कंप्यूटर ऑपरेटर ने एक वकील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई तो तहसील बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता मंगलवार को भड़क उठे। उन्होंने एसडीएम का उनके कार्यालय में घेराव पर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, बाद में एसडीएम ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन देकर वकीलों को शांत किया।
एसडीएम कार्यालय के कंप्यूटर कक्ष में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र मौर्य ने शनिवार शाम काम खत्म होने पर मेज से सामान हटाकर दराज में रखना शुरू किया तो उसे एसडीएम के डिजिटल हस्ताक्षर वाली डिवाइस गायब मिली। काफी तलाश करने पर वह नहीं मिली तो उसने एसडीएम को अवगत कराया। इस बीच, एक वकील ने डिवाइस की चोरी में अपने साथी वकील का हाथ होने की गोपनीय जानकारी दी। इस पर कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र ने एसडीएम के निर्देश पर वकील राजवीर यादव के खिलाफ शनिवार को देर शाम थाने में तहरीर में दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सोमवार को वकील के खिलाफ डिवाइस चोरी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
अधिवक्ताओं में फैला रोष
डिवाइस चोरी होने के मामले में अधिवक्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की जानकारी मिलने पर अधिवक्ताओं में रोष फैल गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश्वर यादव और महामंत्री राहुल देव सागर के नेतृत्व में तमाम अधिवक्ता मंगलवार को दोपहर एसडीएम कार्यालय जा पहुंचे।
उन्होंने एसडीएम का घेराव और नारेबाजी करते हुए कहा कि बिना ठोस साक्ष्य के अधिवक्ता पर चोरी का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे पूरे वकालत पेशे की गरिमा को ठेस पहुंची है। अधिवक्ताओं ने इसे प्रशासन की मनमानी और दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई करार दिया। इस दौरान कार्यालय में हुई वार्ता में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। वार्ता के बाद बाहर आए अधिवक्ताओं ने फिर से नारेबाजी शुरू कर दी और दर्ज रिपोर्ट वापस नहीं लिए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
एसडीएम तिलहर सदानंद सरोज ने बताया कि उनके डिजिटल हस्ताक्षर वाली डिवाइस कार्यालय से चोरी होना गंभीर मामला है। इस मामले में एक अधिवक्ता ने ही दूसरे वकील द्वारा डिवाइस चोरी किए जाने की सूचना दी थी। इसी सूचना के आधार पर नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मामले की पुलिस स्तर से निष्पक्ष तरीके से जांच कराई जाएगी। इसलिए वकीलों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।