शाहजहांपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने खेलो इंडिया सेंटर के खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट, खेल सामग्री का वितरण किया।
रविवार को डीएम ने तरणताल, बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल, इंडोर कबड्डी हाॅल, 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, पवेलियन, सेल्फी प्वाइंट, परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह की प्रतिमा का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्विमिंग पूल का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम की ओर से लगभग 16 करोड़ की धनराशि से कराया जा रहा है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम का नवीनीकरण कार्य, बाॅस्केटबॉल कोर्ट, सीसी कैमरे, शौचालय, मुख्य भवन आदि का कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन की ओर से 10 करोड़ 36 लाख की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को जल्द कार्य पूर्ण कर खेल विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम एफआर अरविंद कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी सहायक अभियंता सुरेंद्र राठौर आदि मौजूद रहे। संवाद