दो बेटों की मौत: दवा लेने घर से निकले दो भाई संग दर्दनाक हादसा, एक झटके में बुझ गए घर के दो चिराग
परिजनों ने बताया कि विजय शर्मा पहले एक फैक्टरी में काम करते थे, जबकि अजय शर्मा कपड़ा सिलाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार के दो कमाऊ सदस्यों की एक साथ मौत से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार तड़के अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अमनपुर गौटिया गांव के रहने वाले अजय शर्मा (40) और उनके छोटे भाई विजय शर्मा (35) की मौत हो गई। अजय अपने भाई विजय की तबीयत अचानक खराब होने पर दवा दिलाने सीएचसी आ रहे थे। विजय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अजय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुछ ही घंटों के भीतर दो बेटों की मौत से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
रात हुई थी विजय की तबीयत खराब
यूपी के शाहजहांपुर स्थित तिलहर के अमनपुर गौटिया गांव के रहने वाले अजय शर्मा (40) और उनके छोटे भाई विजय शर्मा (35) शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे। परिजनों के अनुसार, विजय की रात करीब 11:30 बजे तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर दोनों भाई दवा लेने घर से निकले थे।
पहले विजय फिर अजय ने तोड़ा दम
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर इंडियन गैस एजेंसी के पास लकड़ी की टाल के निकट सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने विजय शर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां दोपहर करीब एक बजे इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से परिवार में मातम
एक ही परिवार के दो बेटों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक विजय शर्मा अपने पीछे पत्नी रितु शर्मा, पुत्र कार्तिक और पुत्रियां मानसी व नित्या को छोड़ गए हैं। अजय शर्मा अपने पीछे पत्नी मोनी शर्मा, पुत्र यश शर्मा और पुत्रियां निशा शर्मा, शालू शर्मा व नैना शर्मा को छोड़ गए हैं। परिवार में पिता रामभरोसे, मां विमला देवी, भाई संजय व नीरज तथा बहनें नीमा देवी व नीलम देवी गहरे सदमे में हैं।
विजय फैक्टरी और अजय करता था सिलाई का काम
परिजनों ने बताया कि विजय शर्मा पहले एक फैक्टरी में काम करते थे, जबकि अजय शर्मा कपड़ा सिलाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार के दो कमाऊ सदस्यों की एक साथ मौत से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।