UP: रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आया चौकीदार, मौके पर हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
शामली के कांधला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय चौकीदार इनाम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
शामली जिले के कांधला कस्बे में सोमवार सुबह रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जोला निवासी 40 वर्षीय इनाम पुत्र हनीफ की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
बुढ़ाना कोतवाली में था चौकीदार
मृतक के चचेरे भाई शहजाद के अनुसार, इनाम जनपद मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना कोतवाली में चौकीदार के पद पर कार्यरत था। वह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट: महिलाओं का धरना जारी, बोलीं हाथ जोड़ वोट मांगने आए थे-अब हुए गायब, जनप्रतिनिधियों पर आक्रोश
हादसा या आत्महत्या, जांच में जुटी जीआरपी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हादसा था या फिर आत्महत्या का मामला। आशंका जताई जा रही है कि वह अनजाने में चलती ट्रेन की चपेट में आ गया। इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार ने मांगी आर्थिक सहायता
मृतक के परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।
