Shamli: पैदल सड़क पार कर रही थीं मां-बेटी, तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, मजदूरी पर जा रही महिला की मौत
शामली के कैराना क्षेत्र में हरियाणा मजदूरी करने जा रही महिला और उसकी बेटी को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि बेटी घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के कैराना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। दोनों हरियाणा में मजदूरी करने जा रही थीं, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार कैराना के मोहल्ला दरबार खुर्द निवासी जयचंद की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार के दादा रामबीर ने बताया कि जयचंद की पत्नी 45 वर्षीय प्रेमो अपनी 25 वर्षीय बेटी पिंकी के साथ बृहस्पतिवार को हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली क्षेत्र में मजदूरी करने के लिए जा रही थी।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट: सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी राहत, सील किए 44 भवनों से हटेगा अवैध निर्माण, 15 दिन का दिया समय
बताया गया है कि दोनों पानीपत रोड पर हरियाणा की ओर स्थित टोल प्लाजा से पहले पैदल सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने मां-बेटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में बाइक सवार भी घायल बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर नेशनल हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को कैराना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रेमो को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पिंकी की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।