Sitapur News: 45 हजार के लेनदेन के विवाद में चली गोली, दो लोग घायल; एक जिला अस्पताल में भर्ती, दूसरा लखनऊ रेफर
सीतापुर में 45 हजार के लेनदेन के विवाद में गोली चल गई। इसमें दो लोग घायल हो गए। एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, तो दूसरा लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के सीतापुर में बुधवार को लेनदेन को लेकर हुए विवाद में गोली चल गई। इसमें दो लोग जख्मी हो गए। एक गोली से महोली में युवक घायल हुआ, तो दूसरी गोली से उसका रिश्तेदार शहर के चुंगी चौराहे के पास घायल हुआ। पुलिस ने प्रधान पति समेत पांच नामजद व अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज करके दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
विवाद महोली क्षेत्र के उरदौली बाजार से शुरू हुआ, जो शहर के मंडी चौकी तक आ पहुंचा। पुलिस के अनुसार, कुसैला निवासी श्रीराम वर्मा महाजन व उरदौली निवासी मीट व्यापारी आरिफ के बीच उधारी को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा है। बुधवार देर रात इसी को लेकर पंचायत भवन के पास बैठक हुई। सुलझने की जगह मामला और उलझने लगा।
आरोपियों ने तीन राउंड फायरिंग की
इस बीच श्रीराम वर्मा के साथ आए लोगों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली पास की दुकान पर खड़े गजपतिपुर निवासी बबलू (30) के पैर में लग गई। मौका पाकर गोली चलाने वाले वहां से भाग खड़े हुए।
जानकारी होते ही बबलू के परिजनों ने फोन से अपने रिश्तेदार रामकोट के करतारपुर गांव निवासी शाबान (18) को बाइक से जा रहे युवकों को रोकने की बात कही। शाबान बाइक सवारों का पीछा करते हुए शहर के चुंगी चौराहे के पास पहुंच गए।
वहां उन्होंने युवकों को रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने शाबान पर गोली चला दी। गोली शाबान की कमर में जा लगी। वह अचेत होकर गिर गए। बाइक सवार मौके से भाग गए। घायल शाबान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। बबूल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
45 हजार रुपये को लेकर हो रहा था विवाद
बबलू के पिता यूनुस की तहरीर पर उरदौली के प्रधान पति शेर सिंह नीरज, अवनीश, प्रवीण, श्रीराम व रूपचंद्र पर हत्या के प्रयास की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शहर में हुई घटना का जिक्र भी तहरीर में है। इसलिए, महोली पुलिस ही दोनों जगह विवेचना करेगी।
जांच में यह निकलकर सामने आया है कि 45 हजार रुपये को लेकर विवाद था। आरिफ का कहना रहा कि वह रुपये दे चुका है। वहीं श्रीराम का कहना है कि उसे रुपये नहीं मिले हैं। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। बबलू भी हिस्ट्रीशीटर है।