सोनभद्र, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने तहसील रॉबर्ट्सगंज में कथित अनियमितताओं एवं मनमानी कार्यशैली के विरोध में शनिवार को एसडीएम रॉबर्ट्सगंज को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह ने आरोप लगाया कि तहसील में कई वादों का निस्तारण संबंधित पक्षों और अधिवक्ताओं को उचित अवसर दिए बिना किया जा रहा है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार विजयगढ़ की ओर से वादों का शीघ्रता एवं मनमाने तरीके से निस्तारण किए जाने से अधिवक्ताओं और वादकारियों में असंतोष है। महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता और वादकारियों के साथ असम्मानजनक व्यवहार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे न्यायिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि तहसील रॉबर्ट्सगंज में राजस्व एवं न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, सभी पक्षों को सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाए और भ्रष्टाचार व मनमानी पर रोक लगाई जाए। ज्ञापन देने वालों में कामता प्रसाद यादव, राजेश यादव, पवन कुमार सिंह, सुरेश सिंह कुशवाहा, टीटू प्रसाद गुप्ता, आदर्श देव पांडेय, राजकुमार सिंह, संतोष कुमार यादव, शाहनवाज आलम खान, रविंद्र पटेल, राकेश सिंह पटेल, रोशन खान आदि मौजूद रहे।