चुर्क। नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड संख्या 4 (सहजन कला मोहाल) में पंडित दीनदयाल उपाध्याय विकास प्राधिकरण योजना के तहत बनी 40 लाख रुपये की सीसी सड़क निर्माण के चार महीने के भीतर ही टूटने लगी है। 400 मीटर लंबी यह महत्वपूर्ण सड़क सूर्यनाथ पटेल के घर से पिथा संपर्क मार्ग तक बनाई गई थी, जो अब जगह-जगह से फट गई है और इसकी गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। सड़क की खराब गुणवत्ता से नाराज रहवासियों ने रविवार को सभासद राकेश भारती की अगुवाई में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से करीब 20 गांवों के लोग प्रतिदिन रॉबर्ट्सगंज बाजार, अस्पताल और विद्यालय आते-जाते हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, ठेकेदार पर कार्रवाई करने और सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। इस दौरान संतोष मौर्य, राजेश मौर्य, अलगू प्रसाद, रविंद्र कुमार, रामविलास विश्वकर्मा, सूर्यनाथ पटेल, बबुंदर सिंह, अजय भारती, शंकर यादव सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।