सोनभद्र। राज्य कर विभाग ने शनिवार को उरमौरा स्थित राज्य कर कार्यालय में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित कर चीन निर्मित, सिंथेटिक एवं शीशा लेपित मांझे के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए व्यापारियों को जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार का मांझा आम लोगों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों, पशु-पक्षियों और विद्युत व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बनता है। कार्यक्रम में डिप्टी कमिश्नर विकास कृष्ण बंसल ने उच्च न्यायालय के निर्देशों की जानकारी देते हुए प्रतिबंधित मांझे के निर्माण, परिवहन और बिक्री से दूर रहने और ऐसी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की। व्यापारियों से ग्राहकों को भी इस संबंध में जागरूक करने का आग्रह किया गया। बैठक में व्यापारियों ने बताया कि उनके प्रतिष्ठानों पर चीन निर्मित या सिंथेटिक मांझे की खरीद-बिक्री नहीं होती। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिबंधित उत्पाद अधिकतर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रहे हैं, इसलिए ऑनलाइन बिक्री पर भी प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए। राज्य कर विभाग के सुधीर गौतम ने जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए व्यापारियों से प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, अधिवक्ता एवं रॉबर्ट्सगंज के व्यापारी उपस्थित रहे।