सोनभद्र। मौलाना अली जौहर विवि रामपुर के 38 भवनों को ध्वस्त करने के लिए रामपुर विकास प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस को निरस्त किए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में विभिन्न लोगों ने बुधवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2006 में पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान की ओर से रामपुर में स्थापित मौलाना अली जौहर विश्वविद्यालय यूजीसी से मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान है। वहां हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके अनेक छात्र-छात्राएं देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। तनवीर खान ने कहा कि रामपुर विकास प्राधिकरण की ओर से विवि के 38 भवनों को ध्वस्त करने की नोटिस जारी किए जाने से शिक्षाविदों, शिक्षा प्रेमियों और आमजन में चिंता है। अगर भवनों को ध्वस्त किया गया तो विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी, वहीं यहां कार्यरत प्रोफेसरों एवं कर्मचारियों के भविष्य पर भी असर पड़ेगा। मांग की गई कि शिक्षा के महत्व और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए रामपुर विकास प्राधिकरण की ओर से जारी ध्वस्तीकरण नोटिस को निरस्त कराने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप किया जाए। ज्ञापन देने वालों में हिदायत उल्ला खान, खुर्शीद आलम, मुनीर अहमद, मुस्तफा रजा, सूर्यकांत द्विवेदी, विवेक सोनी, सुशील राय, विनीत सरोज, सूरज मिश्रा, सतीश त्यागी शामिल रहे।