घोरावल (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के दीवा गांव में रविवार सुबह कुत्ते ने घर के पास खेल रहे बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में दो सगी बहनों समेत पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। कुत्ते ने उनके हाथ-पैर और सिर पर हमला किया। घायलों को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन बच्चों को मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया गया। घटना से गांव में भय का माहौल है। दीवा गांव निवासी फिरोज की बेटी परी (3), उसकी बहन सोफिया (9), रामनिहोर का बेटा विशाल (9), पुनाखा गांव निवासी अरविंद पाल की बेटी आकृति (5) और डोमखरी गांव निवासी गुड्डू का बेटा सत्यम पाल (4) सहित कई बच्चे गांव में पेड़ के नीचे खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता वहां पहुंचा और बच्चों पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। हमले में परी, सोफिया, विशाल, आकृति और सत्यम घायल हो गए। कुत्ते ने किसी बच्चे के हाथ, किसी के पैर तो किसी के सिर में काट लिया। परिजन आनन-फानन सभी घायलों को लेकर घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए विशाल, आकृति और सत्यम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। सीएचसी के चिकित्सकों ने बताया कि बच्चों को एंटी रेबीज वैक्सीन दी गई है लेकिन तीन बच्चों को कुत्ते ने कई जख्म देते हुए गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया। उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेजा गया है।