रामगढ़। चतरा ब्लॉक के रामगढ़ सहकारी समिति परिसर में शनिवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले किसानों ने डीएपी और यूरिया की उपलब्धता को लेकर प्रदर्शन किया। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में किसानों ने समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कार्यक्रम के दौरान पेड़ हैं तो प्राण हैं अभियान के तहत किसानों में फलदार पौधों का भी वितरण किया गया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। बताया कि किसान समय पर खाद के लिए समितियों का चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं का सम्मान सर्वोपरि है और उनके साथ किसी भी प्रकार की उपेक्षा या भेदभाव बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी से सहकारी समितियों का स्वयं निरीक्षण कर किसानों को उनके जोत क्षेत्र (रकबे) के आधार पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि खेती के सीजन में खाद की कमी किसानों की लागत और उत्पादन दोनों को प्रभावित करती है, इसलिए उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति की जानी चाहिए। किसान मृत्युंजय मिश्र ने कहा कि किसानों को उनकी भूमि के रकबे के अनुरूप खाद का वितरण किया जाए, ताकि सभी को समान रूप से लाभ मिल सके। वहीं किसान भोला सिंह ने कहा कि खेती-किसानी से जुड़े निर्णय किसानों की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए। इस मौके पर गुड्डू मिश्र, अनिल मिश्र, सनी मिश्र, विजय पटेल, दिनेश मौर्य, शत्रुधन बिंद, आकाश चौहान, दिनेश चेरो, सुरेश मौर्य आदि किसान मौजूद रहे।