UP: 2.27 करोड़ की ठगी करने वाला गोरखपुर से अरेस्ट, सोनभद्र से गई थी साइबर टीम; शेयर ट्रेडिंग एप से करता था खेल
Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम दूसरे चरण में एक एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी, जो गोरखपुर निवासी प्रदीप सिंह के नाम पर था। इसके आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और आरोपी तक पहुंच बनाई।
विस्तार
Cyber Crime: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फर्जी मोबाइल एप के जरिए लोगों को निवेश का झांसा देकर करीब 2.27 करोड़ रुपये हड़प लिए।
मामले के अनुसार, एनसीएल बीना निवासी युगल किशोर तिवारी को 13 जनवरी 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने “शेयरखान एज” नामक कथित शेयर ट्रेडिंग एप का लिंक भेजकर डाउनलोड कराया। इसके बाद आरोपी ने निवेश के नाम पर अलग-अलग तिथियों में उससे कुल 2,27,02,616 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना सोनभद्र में आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें बाद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने की कार्रवाई
पड़ताल में यह भी सामने आया कि प्रदीप सिंह बैंक रोड स्थित विंध्यवासिनी कॉलोनी में एक कार्यालय संचालित कर रहा था, जहां से फर्जी शेयर ट्रेडिंग नेटवर्क चलाया जा रहा था। लोगों को भ्रमित करने के लिए कार्यालय के बाहर सोलर फ्रेंचाइजी का बोर्ड लगाया गया था। इस नेटवर्क में करीब 10 युवकों को लगाया गया था, जो लोगों को फोन और ऑनलाइन माध्यम से निवेश के लिए फंसाते थे।
साइबर थाना प्रभारी डीके चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गोरखपुर में भी इसी तरह की ठगी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार की रात करीब 10:50 बजे एम्स गोरखपुर के पास से आरोपी प्रदीप सिंह (44) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या एप के जरिए निवेश करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।