हाथीनाला। चोपन विकास खंड अंतर्गत कोटा ग्राम पंचायत के टोला कोटा खास में नवनिर्मित सड़क पहली बारिश में ही तालाब बन गई है। तेलगुड़वा से कोन को जोड़ने वाले इस संपर्क मार्ग के निर्माण पर लगभग 50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। मानक विहीन कार्य के कारण राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। कोटा खास बाजार में सड़क को एक स्तर पर नहीं बनाया गया है। सड़क के दोनों किनारे ऊंचे कर बीच में गड्ढा छोड़ दिया गया है। बारिश का पानी इसी गड्ढे में जमा हो जाता है, जिससे जलभराव की स्थिति बन जाती है।
पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से आवागमन बाधित हो रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। कई बार बाइक सवार महिलाएं और बच्चे फिसलकर घायल भी हुए हैं। लवकेश प्रजापति, पवन जायसवाल, निर्भय चौधरी समेत अन्य स्थानीय लोगों ने इस समस्या को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरती है। सड़क लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन गुणवत्ता खराब है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या का समाधान यदि जल्द नहीं कराया गया तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे।