रेणुकूट। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट के कर्मचारी रवि सिंह ने रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप-2026 में रजत पदक जीतकर देश और जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता 20 से 24 मई तक आयोजित हुई। इसमें 37 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
रेणुकूट निवासी रवि सिंह हिंडाल्को के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत हैं। वह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिला। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, कोच अतुल पंगोत्रा, मैनेजर डॉ. सुनील दत्त, अजय दलाल और हिंडाल्को प्रबंधन को दिया। उन्होंने कहा कि देश के लिए खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा गर्व है और वह आगे भी भारत का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत से प्रयास करते रहेंगे।