हादसे के बाद तड़पते रहे घायल: युवक की मौत, दूसरा गंभीर, घंटों बाद पहुंची एंबुलेंस; गड्ढे में गिरी थी बाइक
UP Accident: जिले के चोपन क्षेत्र में बाइक गड्ढे में गिरने से दो युवक गंभीर घायल हो गए। सूचना के बावजूद एंबुलेंस देर से पहुंचने पर दोनों सड़क किनारे तड़पते रहे। इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय मनोज उर्फ गुड्डू कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Sonbhadra News: चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा और नवटलिया के बीच सोमवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि सूचना के बावजूद एंबुलेंस काफी देर से पहुंची, जिससे दोनों युवक सड़क किनारे तड़पते रहे। बाद में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार जोखनागड़ी कोटा निवासी रामसजीवन उर्फ बबलू गोंड (28) पुत्र धर्मू सिंह गोंड और मनोज उर्फ गुड्डू कुमार (25) पुत्र गुलाब सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक ही बाइक से तेलगुड़वा से कोटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेलगुड़वा और नवटलिया के बीच उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नवनिर्मित सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मचा कोहराम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस और एंबुलेंस सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन एंबुलेंस काफी देर बाद पहुंची। इस दौरान दोनों घायल सड़क किनारे दर्द से तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने भी मदद का प्रयास किया, लेकिन समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलने से उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
काफी देर बाद एंबुलेंस पहुंचने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेजा गया।
बताया गया कि वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही मनोज उर्फ गुड्डू कुमार की मौत हो गई। इसकी सूचना मंगलवार सुबह कोटा ग्राम प्रधान प्रह्लाद चेरो ने फोन के माध्यम से पुलिस को दी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं दूसरे घायल रामसजीवन उर्फ बबलू गोंड का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद सड़क निर्माण और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।