Varanasi News Today: ज्ञानवापी केस की आठ जुलाई को सुनवाई, मनीष हत्याकांड में पत्नी देगी धरना; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी की अदालत में ज्ञानवापी मामले की सुनवाई हुई। बहस के बाद अपर जिला जज सप्तम ने अब आठ जुलाई की तारीख मुकर्रर की है। वहीं, मनीष हत्याकांड केस में अपनी पत्नी ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना देने की चेतावनी दी है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: अपर जिला जज सप्तम विकास श्रीवास्तव की अदालत में ज्ञानवापी मामले की सुनवाई हुई। इसमें आदि विशेश्वर ज्योतिर्लिंग के मालिकाना हक, पूजा पाठ के मामले में वाद मित्र की नियुक्ति को चुनौती दी गई है। यह नियुक्ति 2019 में हुई थी। अब आठ जुलाई को सुनवाई होगी।
ज्ञानवापी परिसर से जुड़े सबसे पुराने वाद 1991 में मालिकाना हक, राग-भोग, पूजा-अर्चना और मंदिर पुनर्निर्माण की याचिका दाखिल की गई थी। इस वाद में तत्कालीन मुख्य पुजारी पंडित स्व. सोमनाथ व्यास, पंडित स्व. रामरंग शर्मा और पंडित स्व. हरिहर पांडेय वादी थे।
मुकदमा अधिवक्ता स्व. बाबू दान बहादुर सिंह और पंडित स्व. संकटा प्रसाद तिवारी से दाखिल किया गया था। आवेदिका अनुष्का तिवारी का आरोप है कि 2019 में मूल वाद के एकमात्र जीवित वादी पंडित स्व. हरिहर पांडेय की स्थिति का लाभ उठाकर षड्यंत्रपूर्वक वाद मित्र की नियुक्ति प्राप्त की गई। इसी आदेश को चुनौती दी गई है।
थार की खरीद बिक्री में सपा नेता की पिटाई, प्राथमिकी
चोलापुर थाना क्षेत्र के हथियर गांव में थार खरीद बिक्री के विवाद में सपा नेता नीरज यादव की पिटाई कर दी गई। तीन नामजद समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष ने भी नीरज यादव और उनके साथियों पर पिटाई का आरोप लगाया। हथियर निवासी सपा नेता और अधिवक्ता नीरज यादव पुलिस को बताया कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य का पुत्र दिनेश यादव, पूर्व प्रधान संजय यादव, सबलू यादव व अज्ञात ने अचानक हमला कर दिया।
पिस्टल के बट से चेहरे पर वार किया। जान से मारने की धमकी दी गई। दूसरे पक्ष के संजय यादव ने पुलिस को बताया कि थार वाहन खरीद बिक्री को लेकर एक युवक और नीरज यादव के बीच बातचीत हुई थी। आरोप है कि नीरज ने कुछ साथियों के साथ युवक की पिटाई की। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
न्याय के लिए मनीष की पत्नी अंकिता देंगी शांतिपूर्ण धरना
ग्रामीणों की बेरहमी से पिटाई के शिकार उद्यमी मनीष सिंह की पत्नी अंकिता सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। सोमवार को आवास पर अंकिता ने कहा कि वह न्याय के लिए 29 मई को जिला मुख्यालय (कचहरी) पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगी।
अंकिता सिंह ने भरे गले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि जघन्य हत्याकांड के एक महीने बाद भी परिवार को न्याय नहीं मिला है। मामले को रफा-दफा करने और दबाने की कोशिश की जा रही है। कहा कि पुलिस प्रशासन पीले गमछे के दबाव में काम कर रही है, जिसके कारण दोषियों को बचाया जा रहा है। इसी बीच, सोशल मीडिया पर अंकिता सिंह का एक बेहद भावुक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे न्याय की गुहार लगाती नजर आ रही हैं।
26 अप्रैल की रात कारोबारी मनीष सिंह फैक्ट्री से काम खत्म कर कार से घर लौट रहे थे। घमहापुर गांव के पास उनकी कार से एक महिला को टक्कर लग गई। मनीष भागने के बजाय गाड़ी रोककर महिला की मदद करने की कोशिश करने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों और महिला के परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। उग्र भीड़ ने कानून को ताक पर रखते हुए मनीष सिंह पर हमला किया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवती से छेड़खानी का आरोपी रैपिडो चालक गिरफ्तार
युवती से छेड़खानी करने के आरोपी रैपिडो ड्राइवर श्रीवास्ते को भेलूपुर पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। आरोपी चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के सेवारही ककरहटी का निवासी है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि क्षेत्र की युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि वह रविवार को गुरुबाग गुरुद्वारा से रैपिडो से अर्दली बाजार जा रही थी। तभी रैपिडो चालक ने छेड़खानी की।
बस से बिहार भेजी जा रही शराब मिली, दो गिरफ्तार
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के फुलवरिया मार्ग पर शौचालय के पास से पुलिस ने 172.80 लीटर शराब बरामद की। दो आरोपियों सुनील यादव निवासी देवरिया और कमलेश कुमार निवासी पटना को गिरफ्तार किया। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि दोनों ने पूछताछ में बताया कि वह शराब को बिहार ले जा रहे थे। बस के पीछे फाइलों के गत्तों के बीच शराब के पाउच छिपाकर रखा गया था। सुधीर भाई नामक व्यक्ति ऑटो से शराब लेकर आया था और उसे बिहार भेजने के लिए कहा था।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी अभिमन्यु साहनी उर्फ सोनू को रामनगर पुलिस ने सोमवार को अवधूत भगवान आश्रम समाधि स्थल के पास से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सूजाबाद पड़ाव का निवासी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
जमीन के विवाद में स्कॉर्पियो सवारों ने की पिटाई
लोहता थाना क्षेत्र के लोहरापुर गांव में रविवार देर रात जमीन के विवाद में स्कार्पियो सवारों ने विक्रम सिंह की पिटाई कर दी। दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। लोहरापुर के विक्रम सिंह ने पुलिस को बताया कि जमीन के विवाद में देर रात दो स्कॉर्पियो से अखिलेश सिंह, दिनेश सिंह, सोनू सिंह आए और गालीगलाैज कर पिटाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि विक्रम सिंह की तहरीर पर तीन नामजद समेत 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
टैक्सी चालक की पिटाई, दो के खिलाफ प्राथमिकी
दो वाहनों के टकराने के विवाद में टैक्सी चालक विवेक तिवारी की पिटाई कर दी गई। दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुड़ी निवासी विवेक तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर में किराये के कमरे पर रहकर टैक्सी चलाता है। शनिवार रात 9 बजे वह अपनी टैक्सी से संदहा से आशापुर घर लौट रहा था, इस बीच वैगनआर कार से उसकी कार में टक्कर हो गई, जिससे टैक्सी का साइड शीशा टूट गया।
आरोप है कि विरोध करने पर कार सवार सुनील तिवारी व अभिषेक मिश्रा निवासी लेदूपुर ने गालीगलौज और पिटाई की। आंख, हाथ की उंगलियों, पैर व सीने में चोटें आई हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि सुनील तिवारी और अभिषेक मपर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ननदोई पर छेड़खानी का लगाया आरोप
जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव निवासी एक विवाहिता ने पंपापुर गांव निवासी नंदोई पर अश्लीलता का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ननदोही की हरकतों से वह मानसिक रूप से प्रताड़ित है। पति से तलाक दिलवाना चाहता है। परिवार में कलह मचा हुआ है।
भदोही के आलमपुर नई बस्ती निवासी पीड़िता ने बताया कि पंपापुर निवासी बहनोई का घर आना जाना था और उसकी नियत ठीक नहीं थी। अकसर छेड़खानी करता था, विरोध करने पर पति को भड़काता था। 21 अप्रैल को नंदोई मायके आया और सुलह कराने का झांसा देकर छेड़खानी की। थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि घरेलू मामला है। तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।
शिक्षक से 1.14 लाख रुपये की साइबर ठगी
निजी विद्यालय के अध्यापक सुरेंद्र नाथ मिश्र के खाते से 1.14 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल, बैंक व मिर्जामुराद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। आषाढ़ गांव निवासी शिक्षक सुरेंद्र नाथ मिश्रा ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह मोबाइल पर खाते से रुपये कटने के कई मैसेज आए। काशी गोमती बैंक, मिर्जामुराद शाखा के खाते से कई बार में कुल 1 लाख 14 हजार रुपये निकल गए। बैंक से मालूम चला कि उनके केसीसी खाते सहित एक अन्य खाते से भी रकम निकाली गई है। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि साइबर विशेषज्ञों से जांच कराई जा रही है।
घर में घुसकर महिलाओं की पिटाई, आठ पर प्राथमिकी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के डिहवा रविदास मंदिर के पास रंजिश में मनबढ़ों ने गीता देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों की पिटाई कर दी। रविवार की घटना के बाबत पीड़िता गीता देवी ने आठ नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता गीता देवी ने पुलिस को बताया कि उनकी जमीन रविदास मंदिर के पास है।
आरोप है कि पड़ोसी लालता प्रसाद, पत्नी परमशिला, बेटा संतोष समेत मनीष, अनुरोध, शंशाक, एकाश, अनिश और अज्ञात ने घर में घुसकर महिलाओं समेत परिजनों की पिटाई की। घटना से तीन दिन पहले आरोपियों ने बिजली के खंभे से कनेक्शन कटवा दिया था। पीड़िता का आरोप है कि विवाद को लेकर हमला किया गया। मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घरेलू सहायिका ने 44 ग्राम सोने के गहने व नकदी चुराए
खेड़कीदौला के सेक्टर-86 माइक्रोटेक ग्रीनबर्ग सोसाइटी में घरेलू सहायिका 44 ग्राम सोने के गहने और 25 हजार रुपये लेकर भाग गई। पीड़ित ने आरोपी महिला को एक दिन पहले ही काम पर रखा था। मकान मालिक की शिकायत पर खेड़कीदौला थाने में घरेलू सहायिका कोमल देवी के खिलाफ चोरी संबंधित धाराओं में 24 मई को प्राथमिकी दर्ज की है। ग्रीनबर्ग सोसाइटी के अभिषेक शर्मा ने शिकायत में बताया कि उनके घर से वाराणसी निवासी कोमल देवी गहने व नकदी लेकर चली गई है। इंस्पेक्टर व प्रभारी, खेड़कीदौला कृष्ण ने बताया कि घरेलू सहायिका की तलाश की जा रही है।
मकान बंटवारे की रंजिश में मनबढ़ों ने पीटा
राजातालाब थाना क्षेत्र के टोडरपुर में सोमवार शाम मकान बंटवारे की रंजिश में मनबढ़ पट्टीदारों ने मनोज कुमार सिंह की घर में घुसकर पिटाई कर दी। बेरहमी से पिटाई और पैर में चोटें आई हैं। डायल-112 के पहुंचने पर मनबढ़ जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
पीड़ित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने घटना का वीडियो भी बनाया है। मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मकान बंटवारे की प्रक्रिया चल रही है। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि घटना की सूचना पर संबंधित चौकी की पुलिस गई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आराेपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
25 लाख की रंगदारी मामले में प्राथमिकी दर्ज
घर पर धमकी देकर 25 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में दो आरोपियों समेत अज्ञात के खिलाफ चितईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। महामनापुरी कॉलोनी निवासी पीड़ित सोमनाथ पांडेय ने पुलिस को बताया कि गाजीपुर के रेवतीपुर उधरनपुर सुभाष राय उर्फ चिंटू और विजय सिंह समेत अज्ञात ने घर में पूर्व में दर्ज प्राथमिकी में सुलह और 25 लाख का रंगदारी मांगी। आरोप है कि सुभाष के खिलाफ 17,50,000 रुपये हड़पने के मामले में दो साल पहले प्राथमिकी दर्ज कराया गई थी। चार्जशीट न्यायालय में दाखिल हो चुका है। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि दो आरोपियों समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शॉर्ट सर्किट से तीन घरों में आग, गाय मरी
कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह (मछहा) गांव में सोमवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन मकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। एक गाय झुलसने से मर गई। कई पशु झुलस गए। गांव निवासी लालमन के घर में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। रिक्शा समेत दो हजार रुपये जल गए। कल्लू की एक और राजेश की दो भैंस झुलस गई। पड़ोसी माता प्रसाद का मड़हा भी जल गया। कपसेठी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची, जबकि क्षेत्रीय लेखपाल 2 घंटे बाद पहुंचे।
रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, प्राथमिकी
शिवपुर के मीरापुर बसही में रंजिश में मनबढ़ों ने प्रदीप कुमार झा की पिटाई कर दी। पांच नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित प्रदीप कुमार झा ने पुलिस को बताया कि 23 मई की रात मीरापुर बसही के गांधी चबूतरा के पास आरोपियों ने बेल्ट, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों में अभिषेक पटेल उर्फ शियरा उर्फ सत्यम पटेल, चंदन पटेल, मोहित यादव, राहुल यादव, जय जायसवाल शामिल हैं।
टक्कर से खंभा टूटा, तीन घंटे बाधित रही बिजली
रोहनिया के बलिरामपुर में वाहन की टक्कर से सोमवार सुबह 9 बजे बिजली का खंभा टूट गया। गाड़ी में फंसने से केबिल भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे रोहनिया विद्युत उपकेंद्र के छितौनी फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना पर पहुंचे लाइनमैन ने इसे ठीक कर 12 बजे आपूर्ति बहाल कराई। वहीं, इसस पहले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
सड़क की खोदाई के चलते हुकुलगंज में पेयजल संकट
खोदाई के चलते हुकुलगंज में पेयजल संकट गहरा गया है। सोमवार को हुकुलगंज में बिजली का भूमिगत केबिल डालने के दौरान कार्यदायी संस्था की लापरवाही आम जनता पर पर भारी पड़ी। मकबूल आलम रोड और हुकुलगंज में गलियों में कई स्थानों पर पानी की पाइपलाइन तोड़ दी गई है और लोगों के घरेलू कनेक्शन को भी जेसीबी से उखाड़ दिया गया। इसके कारण इस भीषण गर्मी में लोगों के सामने पानी की समस्या खड़ी हो गई।
हुकुलगंज के पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली की भूमिगत केबिल डालने वाली कंपनी की लापरवाही से बीते 15 दिनों से रोज कहीं न कहीं पानी की पाइपलाइन फट जा रही है।
स्थानीय निवासी नन्हकू प्रजापति, राजन सिंह, सत्यनारायण यादव, निधि तिवारी, विजय यादव ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी मरम्मत कार्य में लापरवाही कर रहे हैं। बिना मरम्मत किए ही आनन फानन में गड्ढे को पाट दे रहे हैं। जलकल सचिव विश्वनाथ ने बताया कि सूचना मिलने के बाद निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द मरम्मत कराके पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें।
पेंट कारोबारी से डेढ़ लाख की ठगी
पेंट खरीदने के नाम पर पेंट कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। कारोबारी ने थाने में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता अंजली त्रिपाठी ने बताया कि उनका रोहनिया में पेंट फर्म है। 17 मार्च को इंडिया मार्ट से कॉल आई कि डिफेंस ऑफ इंडिया की तरफ से थीनर पेंट का ऑर्डर है, जिसे छावनी बोर्ड 39 जीटीसी के गेट नंबर 5 पर भेजना है। पेमेंट एडवांस होगा, तभी मटेरियल अंदर जाएगा।
18 मार्च 26 को मैटेरियल भेज दिया, जब गाड़ी गेट पर पहुंची तो कर्नल कुनाल चौधरी ने कहा कि टेंडर कोड रजिस्ट्रेशन के लिए 5 रुपये खाते में भेजना होगा। जो 7 साल तक के लिए वैध होगा। 5 रुपये भेजेंगे तो 10 रुपये वापस होंगे। पैसे ट्रांसफर किए तो 10 रुपये वापस भी आए। फिर तीन बार में डेढ़ लाख विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराए। डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर होने के बाद कोई पैसा वापस नहीं आया। गेट पर पहुंचे तो मालूम चला कि कुनाल चौधरी नाम से कोई ऑफिसर ही नहीं है।
मारपीट, छेड़छाड़ और हमले में प्राथमिकी
घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ और जानलेवा हमले के मामले में कैंट पुलिस ने छह समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पहलूपुरा निवासी प्रदीप राजभर ने पुलिस को बताया कि 24 मई की रात 10 बजे कुछ लोग नशे में गालीगलौज कर रहे थे। विरोध करने पर 50 लोगों के साथ घर पर हमला बोल दिया। लोहे की रॉड और लाठी-डंडा से तोड़फोड़ और पिटाई की। बीच-बचाव के दौरान महिला के साथ छेड़छाड़ की। आरोपियों में सौरभ सोनकर, गोविंद सोनकर, साहिल सोनकर, बल्लू सोनकर, अर्जुन सोनकर और रंजीत सोनकर समेत अन्य अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज है।
दूसरे पक्ष की ओर से सौरभ सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह साथी राज के साथ घर का सामान लेने जा रहा था। प्रदीप, विशाल कन्नौजिया, विनय राजभर, सुभाष राजभर, रोहित राजभर, अनु राजभर समेत अन्य लोगों ने रास्ते में रोककर मारपीट की। लोहे की रॉड से सिर पर हमला किया गया। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मौसम : पिछली बार से 8.5 डिग्री ज्यादा तपा नौतपा का पहला दिन
काशी में इस बार नौतपा का पहला दिन पिछले साल से करीब साढे आठ डिग्री सेल्सियस ज्यादा तपा। वहीं दो साल बाद नौतपा काशी में इतना ज्यादा गर्म रहा। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से भी 4.1 डिग्री ऊपर चला गया। पिछले साल नौतपा के पहले दिन तापमान 36.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
बाबा विश्वनाथ का फलों के रस से अभिषेक किया गया। दोपहर में गंगा के घाटों से ज्यादा लोग पानी के अंदर स्नान करते दिखे। दोपहर में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से लू बही। सोमवार को पूरे दिन में करीब 11 घंटे तक लगातार तापमान 41 डिग्री के ऊपर ही रहा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह के आठ बजे से लेकर शाम के शाम सात बजे तक पारा 41 डिग्री तक दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की गति भी बदलती रही।
दोपहर भर पारा के साथ-साथ लू भी 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बही। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दो दिन तक लू का ऑरेंज और यलो अलर्ट है। 29 और 30 मई को आंधी के साथ बारिश की उम्मीद बन रही है।
बसपा ही प्रदेश को बेहतर नेतृत्व देने में सक्षम
बसपा के पूर्व सांसद अतुल राय के वाराणसी आगमन पर सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अतुल राय ने पत्रकारों से कहा कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बहन मायावती के नेतृत्व में बहुजन समाज पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर अतुल राय ने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार थे और उन्हें राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के तहत फंसाने का प्रयास किया गया था। इस दौरान शोभित सिंह गोलू, पुलक राय, सोनू राय, आकाश दूबे, विनीत राय आदि मौजूद रहे।
डाॅक्टरों ने 19.86 लाख टैक्स जमा किया
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बनारस शाखा में सोमवार को नगर निगम की ओर से लगाए गए कैंप में 100 से ज्यादा डॉक्टरों ने अपनी कर संबंधी समस्या बताई। इसका मौके पर समाधान किया गया और डाॅक्टरों ने टैक्स भी जमा किया।
दो दिन के कैंप के पहले दिन 19.86 लाख रुपये टैक्स में जमा किए गए। कैंप का शुभारंभ आईएमए अध्यक्ष डाॅ. अनुराग टंडन, सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी की मौजूदगी में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने किया। अपर नगर आयुक्त शिखा मौर्या, अमित कुमार के निर्देशन में कैंप लगा। इस दौरान आईएमए के अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह, डॉ. भानु शंकर पांडेय, डॉ. पीके तिवारी, डॉ.अनिल ओहरी आदि मौजूद रहे।
मटर की काशी नंदिनी प्रजाति के प्रसार के लिए नैफको से समझौता
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान ने विकसित मटर की उन्नत और उच्च उत्पादक किस्म काशी नंदिनी के व्यावसायीकरण और व्यापक प्रसार के लिए नेशनल एग्रो फार्मिंग मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (नैफको) नई दिल्ली से लाइसेंस समझौता किया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार और नैफको के समित सक्सेना ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि संस्थान किसानों की आय वृद्धि, पोषण सुरक्षा और टिकाऊ कृषि विकास को ध्यान में रखते हुए उच्च उत्पादकता वाली एवं किसान हितैषी सब्जी किस्मों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मौके पर प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह, डॉ. नीरज सिंह, डॉ. त्रिभुवन चौबे, डॉ. सुदर्शन मौर्य माैजूद रहे।
आयुष अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना बड़ी जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने सोमवार को ऑनलाइन बैठक कर आयुष अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की। इसमें उन्होंने अधिकारियों, प्राचार्यों, चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिम्मेदारी का सजगता पूर्वक निर्वहन करने को कहा। कहा कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां भी समय से करनी होगी।
सिगरा स्थित कार्यालय पर हुई ऑनलाइन बैठक में आयुष मंत्री ने कहा कि योग दिवस का प्रचार-प्रसार और अधिक प्रभावी ढंग से करना होगा। आयुष मंत्री ने आयुर्वेद की महत्ता के लिहाज से औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देने की बात कही।
कहा कि आयुष क्षेत्र में औषधीय कृषि की अपार संभावनाएं है। किसानों एवं संबंधित संस्थाओं को औषधीय पौधों की खेती के प्रति और अधिक जागरूक करके उन्हें इस खेती से लाभ प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना होगा। सभी अस्पतालों को अपनी ओटी (ऑपरेशन थियेटर), अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं बेहतर बनाना होगा। पैथालॉजी एवं एक्स-रे सेवाओं की नियमित मॉनीटरिंग भी जरूरी है।
हाइड्रोजन जलयान का निरीक्षण नाविकों की समस्याएं सुनीं
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के सदस्य तकनीकी शिराज शिंदे ने सोमवार को हाइड्रोजन जलयान का निरीक्षण किया। जलयान पर ही चालकों और कार्यदायी संस्था के प्रबंधक से बातचीत कर समस्याओं को जाना और समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने हाइड्रोजन जलयान का अवलोकन किया और सीएनजी से नाव संचालन संबंधी मुद्दों और चुनौतियों पर चर्चा की। नाविकों ने संचालन में आ रही समस्याओं के बारे में बताया। अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
गांव-शहर में पानी-बिजली की आपूर्ति की समस्या न हो : अनिल राजभर
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने जलकल, जल निगम और विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ सोमवार को सर्किट हाउस में बैठक की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस भीषण गर्मी में जिले में किसी भी दशा में पेयजल और बिजली की समस्या नहीं होनी चाहिए। गांवों और शहरों के सभी सरकारी हैंडपंप सही होने चाहिए। क्षेत्रीय अभियंता व कर्मचारी इस पर पैनी नजर रखें कि अगर कोई भी हैंडपंप खराब है जो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइप पेयजल योजना के अंतर्गत लगे सभी नलकूप हर हाल में संचालित हों। क्षेत्रीय अभियंता व कर्मचारी ये सुनिश्चित कर लें कि कहीं भी पेयजलापूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त न हो और यदि कहीं पाइपलाइन क्षतिग्रस्त मिले तो उसकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने विद्युत निगम के अभियंताओं को निर्देश दिए कि बिना वजह विद्युत कटौती किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए।
खराब एवं जले ट्रांसफाॅर्मर की सूचना मिलते ही उसे तत्काल बदला जाए। इसमें किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कहीं भी बिजली के फॉल्ट की शिकायत मिले तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए। कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसी स्थिति में पेयजल व विद्युत आपूर्ति प्रत्येक दशा में सामान्य होना चाहिए। विभागीय अधिकारी एवं अभियंता विशेष रूप से सतर्क एवं सजग रहें। उन्होंने जलकल, जल निगम एवं विद्युत निगम में कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन को 24 घंटे क्रियाशील रखे जाने पर जोर दिया।
शिक्षकों के समायोजन के लिए 167 आपत्तियां
बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत 75 विद्यालयों के 140 शिक्षकों का समायोजन दिसंबर 2025 में किया गया था। इन शिक्षकों ने समायोजन को लेकर आपत्ति जताई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कुल 167 आपत्तियां आई हैं। इनके निस्तारण के बाद ही अब समायोजन हो सकेगा। इनमें सबसे अधिक घर के पास नौकरी करने के लिए आपत्ति जताई है।
बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि नगरीय सीमा के विस्तारीकरण के बाद विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए उनका समायोजन करने का शासन ने आदेश दिया था। जिले में 73 विद्यालयों के 559 शिक्षकों का समायोजन होना था। इसके लिए इन शिक्षकों से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तैनाती को लेकर विकल्प दिसंबर में ही मांगा गया था।
इसमें 556 शिक्षकों ने शहर में तैनाती का विकल्प चुना था। वहीं, तीन शिक्षकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में तैनाती का विकल्प चुना। तीन शिक्षक ग्रामीण क्षेत्र में भेजे गए। बीते 30 दिसंबर को इन्हें नियुक्ति पत्र दिया गया। बीएससए ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में जिन शिक्षकों का समायोजन शहरी संवर्ग में किया जाएगा उनकी वरिष्ठता शहरी संवर्ग में सबसे नीचे मानी जाएगी।
जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग
उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की वाराणसी जिलाध्यक्ष अमृता सिंह के नेतृत्व में 12 से अधिक महिला शिक्षकों ने सोमवार को बीएसए अनुराग श्रीवास्तव को मौसम सामान्य होने तक जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग से संबंधी ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष अमृता सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में लू का अलर्ट है। इससे संबंधित चेतावनी भी जारी है। ऐसी परिस्थितियों में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत प्रगणकों के लिए घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य करना अत्यंत कठिन, दुष्कर एवं जोखिम पूर्ण हो गया है।
विरोध में उतरे 100 में से 26 शिक्षकों को बीएचयू ने दिया जवाब देने का अंतिम माैका
प्रमोशन के मामले को लेकर विरोध करने वाले 100 में 26 शिक्षकों को जांच कमेटी के सामने अपना जवाब देने का अंतिम अवसर दिया गया है। दो से चार जून तक कमेटी के सामने उपस्थित होना है। वहीं, शिक्षकों ने कमेटी के सदस्यों और उनकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर की है।
बीएचयू के उप कुलसचिव डॉ. रंजीत शांडिल्य की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 12 मई और 18 मई को शिक्षक जांच कमेटी के सामने प्रस्तुत नहीं हुए। इस अनुपस्थिति के चलते कार्रवाई को अनिश्चित काल के लिए स्थगित नहीं रखा जा सकता। कमेटी का फैसला है कि शिक्षकों को अपना पक्ष और स्पष्टीकरण रखने के लिए अंतिम अवसर दिया जा रहा है।
कमेटी को साक्ष्यों, अभिलेखों दस्तावेजों और रिपोर्टों की समीक्षा कर कमेटी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए बाध्य होगी। बीएचयू ने इससे पहले अपने 26 शिक्षकों को अनुशासनहीनता के कई आरोप लगाए हैं। केंद्रीय कार्यालय में प्रमोशन से जुड़े मामलों को लेकर बीएचयू के करीब 100 शिक्षकों ने आधी रात तक धरना और विरोध किया था।
शिक्षकों ने कहा- जल्दबाजी में हो रही कार्रवाई : इस तीसरे पत्र को लेकर शिक्षकों ने कहा है कि जिस तरह से जल्दबाजी में कार्यवाही की जा रही है, उससे यह संदेह हो रहा है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित नहीं की जा रही है। प्रो. लखोटिया के साथ ही कमेटी के सदस्यों और बड़े अधिकारियों पर कई आरोप भी लगाए।
सिद्धनाथ सिंह अध्यक्ष, रामअधीन उपाध्यक्ष
कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज अर्दली बाजार की प्रबंध समिति का सोमवार को गठन किया गया। साधारण सभा के कुल 12 सदस्यों में अध्यक्ष पद पर सिद्धनाथ सिंह, उपाध्यक्ष पद पर रामअधीन सिंह, प्रबंधक पद पर नागेश्वर सिंह, उप प्रबंधक पद पर भानु प्रताप सिंह और कोषाध्यक्ष भग्गू यादव निर्विरोध निर्वाचित किए गए। राजकीय हाईस्कूल चक्का हरहुआ के प्रधानाध्यापक अजीत कुमार सिंह और राजीय क्वींस इंटर कॉलेज के उप प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह चुनाव अधिकारी और पर्यवेक्षक थे।
21 लोगों को किया रेस्क्यू
दशाश्वमेध घाट और आसपास के क्षेत्रों को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने की दिशा में सोमवार को संयुक्त अभियान चलाया गया। पुलिस, नगर निगम, चाइल्ड लाइन और अपना घर आश्रम की टीम ने मिलकर 21 लोगों को रेस्क्यू किया। अभियान घाट किनारे गलियों और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में चलाया गया। टीम ने सड़क किनारे, घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर भीख मांग रहे लोगों को चिह्नित कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अभियान में अपना घर आश्रम से डॉ. निरंजन राय और चाइल्ड लाइन वाराणसी से राजमणि, चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
अभिनेता सुनील दत्त को दी गई श्रद्धांजलि
डर्बीशायर क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर के नेतृत्व में सोमवार को पितरकुंडा के प्राचीन कुंड में मछलियों को दाना खिलाकर फिल्म अभिनेता सुनील दत की 21वीं पुण्यतिथि मनाई गई। लोगों ने उनके चित्र पर फूल चढ़ाकर उनको श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर हैदर मौलाई, चिंतित बनारसी, गुफरान अहमद, मुन्नू विश्वकर्मा, सनी सिंह, जावेद हुसैन रहे।
गोमाता के साथ सड़क पर उतरे सपा कार्यकर्ता
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार को गोमाता के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने गोमाता की पूजा की। उन्हें चारा खिलाया और केंद्र सरकार से उन्हें राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग रखी। इस प्रदर्शन के जरिये समाजवादी पार्टी ने भाजपा के गो-प्रेम के दावों की पोल खोलते हुए उन पर आस्था के नाम पर केवल वोट बैंक की राजनीति करने का सीधा आरोप लगाया।
सपा नेता जीशान अंसारी ने कहा कि भाजपा के लिए गाय केवल चुनावी वैतरणी पार करने का एक माध्यम है। सपा नेता अभिषेक झा ने कहा कि हमारी पार्टी की मुख्य मांग है कि प्रधानमंत्री तत्काल संसद में कानून पास कर गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करें। इस मौके पर प्रभाकर यादव, आनंद यादव, शिवेंद्र राय, जितेंद्र पटेल, संजय पटेल आदि मौजूद रहे।
राजस्थान ब्राह्मण मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित
श्री राजस्थान ब्राह्मण मंडल काशी का द्विवार्षिक चुनाव रविवार को देर रात मारवाड़ी समाज भवन लक्सा में हुआ। चुनाव अधिकारी लोकेश शर्मा और रंजन जोगाई ने 21 नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा की। विनय चौधरी, विजय कृष्ण मिश्र, संजय ढाँचोलिया, मनीष मोरोलिया, राजकुमार सारस्वत, राकेश मिश्र, राकेश हरितवाल, गोकुल शर्मा, राजकुमार शर्मा, जयप्रकाश आचार्य, गोपाल शर्मा, राजेश शर्मा (पिंटू), राघवेन्द्र सारस्वत, श्रीभाल शास्त्री, गिरीश धरड़, विश्वनाथ शर्मा, राजेश जोगाई, प्रतापोदय मिश्र, अमित शर्मा (चिंटू), अनूप शर्मा एवं वेदमूर्ति शास्त्री निर्वाचित हुए हैं।
आपसी भाईचारे, सौहार्द के साथ मनाएं पर्व
गंगा दशहरा और बकरीद को देखते हुए डीसीपी गोमती नीतू कादयान ने सोमवार को चौकी रामेश्वर परिसर में पीस कमेटी की बैठक की। इस दौरान उन्होंने धर्मगुरुओं व संभ्रांत जनों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द व शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने व आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें व बिना सत्यता की पुष्टि किए सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें। गंगा दशहरा एवं भीषण गर्मी को देखते हुए घाटों एवं तालाबों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
एएसजी आई हॉस्पिटल ने ऑप्टोमेट्रिस्ट सीएमई का सफल आयोजन किया
एएसजी आई हॉस्पिटल ने शनिवार को सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम किया। यह आयोजन बिलिस बनारस होटल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डॉक्टरों को प्रशिक्षित करना था। इसमें चिकित्सा क्षेत्र के नए आविष्कारों और उन्नत तकनीकों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत चिकित्सा निदेशक डॉ. प्रत्यूष रंजन, डॉ. माधवेंद्र सिंह, डॉ. अनुराग कश्यप, डॉ. दानिश ताहिर और उप महाप्रबंधक उबैद उस्मान ने की।
इस अवसर पर एएसजी आई हॉस्पिटल के सभी ऑप्टोमेट्री का स्वागत किया गया। डॉ. प्रत्यूष रंजन ने विषय से जुड़ी खास बातों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। यह कार्यक्रम डॉक्टरों को नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों से अवगत कराने के लिए था। इस मौके पर आधुनिक उपचार प्रबंधन पर विशेष ध्यान और निरंतर शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया।
पॉपुलर इंस्टीट्यूट में एलाइड हेल्थकेयर पर राज्यस्तरीय सम्मेलन
पॉपुलर एलाइड एंड हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट बच्छाव में शनिवार को राज्यस्तरीय सम्मेलन हुआ। यह सम्मेलन एलाइड हेल्थकेयर पेशे में कॅरिअर अवसरों और कौशल विकास पर केंद्रित था। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. एके कौशिक प्राचार्य, डॉ. किरण कौशिक और डीन प्रो. डॉ. सुधाकर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स की अहम भूमिका है।
डॉ. कौशिक ने विद्यार्थियों को नई तकनीकों और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने पर जोर दिया। संस्थान के डीन प्रो. डॉ. सुधाकर ने विशेष व्याख्यान में बताया कि केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल विकास और नैदानिक प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। आने वाले वर्षों में प्रशिक्षित एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स की मांग बढ़ेगी। उप-प्राचार्य वी. सनी डेनियल ने पाठ्यक्रम विकास पर व्याख्यान दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा का लिया जायजा
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शिवपुर स्थित पांचों पांडव मंदिर, धर्मशाला और पंचक्रोशी यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि पंचक्रोशी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। पंचक्रोशी मार्ग व आसपास के क्षेत्रों में सफाई सुनिश्चित की जाए। सुलभ शौचालयों की नियमित सफाई कराई जाए। धर्मशालाओं में कूलर और पंखों की समुचित व्यवस्था हो। शुद्ध पेयजल के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध हों।
भगवान जो भी करते हैं हमारी भलाई के लिए करते हैं : बालक देवाचार्य
श्री कृष्ण उत्सव सेवा समिति रामकटोरा स्थित कसेरा धर्मशाला चिंतामणि बाग में सोमवार को पातालपुरी मठ के महंत बालक देवाचार्य ने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण में बारह स्कंद, 335 अध्याय और 18000 श्लोक हैं। इस महापुराण के आदि वक्ता भगवान विष्णु व आदि श्रोता ब्रह्मा है। भगवान हमेशा हमारे शरीर में व्याप्त हैं, जो कि छाया रूप में विराजमान है। भगवान जो भी करते हैं हमारी भलाई के लिए करते हैं। हमें जो भी प्रतिकूल समझ आता है, वह हमारा प्रारब्ध होता है। संस्था के अध्यक्ष अशोक कसेरा, आचार्य कलाधर गुरु, मनोज कसेरा, केदारनाथ झल्लु, भरत कसेरा आदि रहे।
पंचक्रोशी यात्रियों की सेवा से मिलता है पुण्य
पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग के दूसरे पड़ाव भीमचंडी में सोमवार को शाम को महिला उत्थान समिति की ओर से लगाए गए निशुल्क प्याऊ के कैंप में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने श्रद्धालुओं को पानी पिलाया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सेवा करना भगवान की पूजा से बढ़कर पुण्य फल मिलता है।
ग्राम प्रधान विजय गुप्ता तथा विनय पांडेय ने राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को अंगवस्त्र के साथ पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। उधर, राजातालाब के भीमचंडी में उन्होंने मंदिर परिसर के आसपास साफ सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों से बातचीत की और कहा कि राज्य सरकार से की ओर से उनकी बेहतर सुविधा के लिए सारे प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने आसपास के लोगों से तथा ग्राम प्रधान भीमचंडी विजय कुमार से कहा कि वे लोग तीर्थयार्थियों की सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।
जायरीन अदा कर रहे हज के अरकान
मुकद्दस हज के अरकान सोमवार से शुरू हो गए। जिलहिज्जा माह की आठवीं तारीख से शुरू हुए हज के मुख्य अरकान 28 मई तक पूरे होंगे। बनारस से गए 760 सहित पूर्वांचल के 2300 से अधिक जायरीन सऊदी अरब में हज अदा कर रहे हैं। हज के पहले दिन जायरीन एहराम पहनकर मक्का से मीना पहुंचे, जहां उन्होंने दिनभर इबादत की। देर रात वे अरफात के मैदान के लिए रवाना हुए।
पूर्वांचल हज सेवा समिति के महासचिव अदनान खान ने बताया कि अरफात में वकूफ हज का सबसे अहम हिस्सा माना जाता है। यहां दिनभर इबादत के बाद जायरीन मुजदलफा जाएंगे और वहीं से शैतान को मारने के लिए कंकड़ियां एकत्र करेंगे। बुधवार को जायरीन मीना लौटकर बड़े शैतान को कंकड़ियां मारेंगे और कुरबानी कराएंगे। इसके बाद खाना-ए-काबा का तवाफ-ए-जियारत करेंगे। अगले दो दिनों तक तीनों शैतानों को कुल 49 कंकड़ियां मारने के साथ हज मुकम्मल हो जाएगा। सऊदी सरकार ने इस बार स्मार्ट वॉच, अलग आवास और 20 दिन के हज पैकेज जैसी नई व्यवस्थाएं लागू की हैं।
माहेश्वरी समाज ने साइबर अपराध के खिलाफ लोगों को किया जागरूक
माहेश्वरी परिषद और एचडीएफसी बैंक की ओर से सोमवार को महमूरगंज स्थित माहेश्वरी भवन में साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। लोगों को बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष दीपक माहेश्वरी की अध्यक्षता में महेश वंदना के साथ हुई। मुख्य वक्ता एसीपी (साइबर क्राइम) विदुष सक्सेना ने बताया कि अकेले बनारस से अब तक कम से कम 100 करोड़ रुपये का साइबर फ्रॉड हो चुका है। बाजार में कई फर्जी मोबाइल एप्स सक्रिय हैं, जो लोगों के डेटा और रुपये चुरा रहे हैं।
उन्होंने ताकीद की कि किसी भी अनजान व्यक्ति से ओटीपी साझा न करें। चिकित्सक डॉ. वेणुगोपाल झंवर ने साइबर क्राइम के मनोवैज्ञानिक पहलू पर बात की। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मानसिक बीमारी की तरह है। एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों ने इंफोग्राफिक वीडियो के जरिये लोगों को बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने की जानकारी दी। प्रफुल्ल सोमानी, गौरीशंकर नेवर, ज्योति माहेश्वरी, कृष्ण सोमानी, प्रशांत लखोटिया, लोकेंद्र करवा ने अपनी शंकाओं का समाधान पाया। संचालन राकेश कचोलिया, धन्यवाद ज्ञापन कृष्ण कुमार काबरा ने किया।
नौतपा के पहले दिन गुलाब, लीची-आम के रस से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक
नौतपा के पहले दिन भोग आरती में गुलाब, लीची और आम के रस से बाबा का अभिषेक किया गया। इस विशेष अनुष्ठान के जरिये बाबा विश्वनाथ को शीतलता अर्पित की गई। वहीं, भक्तों के लिए ओआरएस, ग्लूकोज और गुड़ के साथ ही कुल 19 स्थानों पर शुद्ध और ठंडे पेयजल के लिए वाटर कूलर लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए 10 स्थानों पर पोर्टेबल वाटर काउंटर की व्यवस्था की गई है। कतारबद्ध होकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले जूट मैट बिछाए गए हैं, जिससे उन्हें गर्म फर्श से राहत मिल सके।
बच्चों ने सीखे वैदिक गणित, रोबोटिक्स के गुर
इंटरनेशनल हिंदू स्कूल नगवां में 18 से 25 मई तक आयोजित समर कैंप में बच्चों ने वैदिक गणित, योगाभ्यास, रोबोटिक्स, क्रिकेट, कबड्डी, ह्यूमन चेस, बैडमिंटन, कला और संगीत के साथ वेस्टर्न डांस सीखा। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार मिश्र ने ओहायो, अमेरिका से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बताया कि हमारा विद्यालय विद्यार्थियों को नित नए गुण सिखाने के लिए प्रयासरत रहता है। उन्होंने बताया कि वैदिक गणित, योग, महाभारत हमारे विद्यालय में शिक्षण के प्रमुख अंगों में हैं। उन्होंने प्रशिक्षु़ओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी। इस दाैरान प्रबंधक संध्या मिश्रा, प्रधानाचार्य संतोष कुमार तिवारी, शैक्षिणिक सलाहकार जयंती सामंत, उप-प्रधानाचार्य गणेश शंकर चतुर्वेदी, हेड मिस्ट्रेस अनुपम श्रीवास्तव आदि माैजूद रहे।
अशोका इंस्टीट्यूट में मनाई गई आईट्रिपल-ई इंडिया काउंसिल की स्वर्ण जयंती
अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में चल रहे दो दिवसीय आईट्रिपल-ई इंडिया काउंसिल का स्वर्ण जयंती समारोह सोमवार को संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि आईट्रिपल-ई के पूर्व चेयर एवं ओएनजीसी के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक इं. दीपक माथुर ने कहा कि आईट्रिपल-ई इंजीनियरिंग पेशेवरों का एक वैश्विक संगठन है, जो तकनीकी विशेषज्ञों को अपनी प्रतिभा निखारने, नए विचार विकसित करने और शोध कार्यों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करता है।
आईट्रिपल-ई इंडिया काउंसिल की चेयर डॉ. प्रेरणा गौर ने कहा कि 150 वर्ष पुरानी यह संस्था आज दुनिया के 190 देशों में करीब पांच लाख सदस्यों के साथ कार्य कर रही है। विशिष्ट अतिथि आईट्रिपल-ई इंडिया काउंसिल की इलेक्टेड चेयर डॉ. प्रीति बजाज ने कहा कि किसी भी व्यावहारिक क्रियान्वयन की शुरुआत विचार प्रक्रिया से होती है। आईट्रिपल-ई इंडिया काउंसिल के पूर्व चेयर डॉ. देबव्रत दास, दीपक माथुर, आर मुरलीधरन ने विचार रखे।
चेयरमेन अंकित मौर्य ने कहा कि यंग प्रोफेशनल के लिए आईट्रिपल-ई संस्था बेहद उपयोगी है। वाइस चेयरमैन डॉ. अमित मौर्य ने कहा कि आईट्रिपल-ई का मंच आपके नवाचार को राष्ट्रीय व वैश्विक पहचान दिलाने में मददगार होता है। डायरेक्टर डॉ. सारिका श्रीवास्तव, राजेंद्र कुमार अस्थाना सहित कई विशेषज्ञों ने अपने विचार व्यक्त किए।
बौद्ध मंदिर के लिए दो एकड़ भूमि मिलेगी
राॅयल गवर्नमेंट ऑफ भूटान को वाराणसी में बौद्ध मंदिर व गेस्ट हाउस निर्माण के लिए दो एकड़ जमीन वाराणसी के पिंडरा अजईपुर, कोलसला में दी जाएगी। प्रदेश सरकार की ओर से लीज डीड की कार्रवाई की जा रही है। शासन स्तर से डीड पर हस्ताक्षर करने के लिए मृदुल चौधरी विशेष सचिव पर्यटन विभाग को नामित किया गया है।
भूमि स्थानांतरित करने के लिए जल्द ही एमओयू किया जाएगा। पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लीज डीड करने की प्रक्रिया पूरी करा ली गई है। लीज डीड के लिए गर्वनमेंट ऑफ भूटान की तरफ से सांगचु सांगचु प्रमुख बौद्ध मंदिर बोधगया व छोटेन दोरजी लेयतशो दुगचेन, झुग द्रातशांग भूटान के केंद्रीय भिक्षु नामित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सारनाथ समेत विश्व प्रसिद्ध धर्मस्थल हैं। सालभर यहां देश विदेश के श्रद्धालुओं का आगमन होता है। बौद्ध मंदिर के निर्माण से यहां देशी एवं विदेशी बौद्ध अनुयायियों का आगमन होगा, जिससे पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी।
ओबीसी वर्ग में पहली रैंक पाने वाली छात्रा को नहीं मिला मेन कैंपस, आयोग ने मांगा जवाब
बीएचयू में साल भर के बाद फिर से पीएचडी विवाद सामने आ गया है। ओबीसी वर्ग में पहले रैंक पर आई छात्रा को मेन कैंपस के बजाय डीएवी कॉलेज आवंटित किया गया था। इसकी शिकायत पर पिछड़ा वर्ग आयोग ने बीएचयू के कुलपति को नोटिस भेजा है।
कहा है कि पीएचडी की प्रक्रिया के दौरान कॉलेज आवंटन में अन्याय हुआ है। आयोग ने अनुच्छेद 338 बी के तहत कार्यवाही करते हुए फिर से पूरी जांच करा कर 15 दिन में रिपोर्ट तलब की है। ये भी कहा है कि यदि तय समय के अंदर बीएचयू की ओर से कोई जवाब नहीं मिला तो सिविल कोर्ट की शक्ति के तहत आयोग में कुलपति या फिर उनकी ओर से किसी प्रतिनिधि को तलब कर लिया जाएगा। बीएचयू के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने इस नोटिस से अनभिज्ञता जाहिर की। कहा कि ऐसा कोई पत्र उनके संज्ञान में नहीं हैं।
डाफी उपकेंद्र से आज 3 घंटे कटेगी बिजली
जिले में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र डाफी की क्षमता वृद्धि के तहत 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर मंगलवार को लगाया जाएगा। सुबह 10.30 बजे से 1.30 बजे तक गढ़वाघाट, अशोकपुरम्, तारानगर, छित्तूपुर, सामनेघाट, कन्दवा, रमना , एसटीपी रमना फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। एनटीपीसी प्लांट की आपूर्ति भी बाधित रहेगी।
नॉन इंटरलॉकिंग से दो ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से जौनपुर में नाॅन इंटरलॉकिग के तहत काम कराया जा रहा है। वाराणसी आने वाली दो ट्रेनें बदले रूट से चलाई जाएंगी। रेलवे की ओर से शेडयूल जारी किया गया है। ट्रेन नंबर 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस 26-27 मई को जौनपुर और केराकत रेलवे स्टेशन पर नहीं रुकेगी। साथ ही 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस का जौनपुर, मुफ्तीगंज, केराकत स्टेशन पर 26 मई को ठहराव नहीं होगा।
10 राज्यों और 40 जिलों के केंद्र प्रभारियों को दी परीक्षा संबंधी सामग्री
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री और आचार्य की सेमेस्टर परीक्षा से पहले कॉपी, पेपर सहित अन्य सामग्री 40 जिलों और 10 राज्यों कें केंद्र प्रभारियों को पेपर-कॉपियां दी गईं। सोमवार को सभी केंद्र प्रभारी विवि पहुंचे यहां परीक्षा भवन में बने काउंटर से उन्हें परीक्षा से जुड़ी सामग्री दी गई।
28 मई से होने वाली परीक्षा के लिए 370 परीक्षा केंद्र पूरे देश में बनाए गए हैं। इनमें 35,175 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने बताया कि 28 मई से उत्तरमध्यमा,शास्त्री द्वितीय सेमेस्टर , शास्त्री चतुर्थ सेमेस्टर, शास्त्री षष्ठ सेमेस्टर और आचार्य द्वितीय सेमेस्टर, आचार्य चतुर्थ सेमेस्टर के संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, बैक / श्रेणी सुधार/एकविषयक वाले विद्यार्थियों की परीक्षा होगी।
विद्यापीठ में आज से छह घंटे होगा कामकाज
विद्यापीठ के विभागों, संकायों, कार्यालयों का खुलने का समय बदल दिया गया है। 26 मई से अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक यहां कामकाज होगा। इसके पीछे ऊर्जा संरक्षण और फ्यूल संकट का हवाला दिया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री की ओर से ऊर्जा बचत की अपील के बाद शिक्षकों, कर्मचारियों को जागरूक किया जा रहा है। इसमें वाहन पुलिंग से कार्यालय आने, एसी का कम प्रयोग करने को कहा जा रहा है।
काशी विद्यापीठ मे 28 मई की परीक्षा टली
काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में 28 मई को होने वाली परीक्षा को ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के कारण टाल दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि बीपीएड/एमपीएड द्वितीय सेमेस्टर चतुर्थ प्रश्नपत्र की परीक्षा अब 29 मई को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक होगी। बीए/ बीएससी/ बीकॉम/ बीबीए चतुर्थ सेमेस्टर माइनर इलेक्टिव विषय-हिंदी की परीक्षा 12 जून को सुबह 10 से 12 बजे तक होगी।
शिक्षकों के लिए एआई, डिजिटल उपकरणों का प्रभावी उपयोग जरूरी
अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई) में शाॅर्टटर्म कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में एआई की उपयोगिता पर चर्चा की। बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (नीपा) नई दिल्ली के कुलाधिपति प्रो.रमाशंकर दूबे ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को समाज की आवश्यकताओं और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप होना चाहिए। इसके लिए शिक्षकों को एआई, डिजिटल उपकरणों का प्रभावी उपयोग करना होगा।
आईयूसीटीई में प्रो. दूबे ने कहा कि शिक्षकों और संकाय सदस्यों को इस प्रकार सशक्त बनाया जाना आवश्यक है कि वे विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की दक्षताओं एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमताओं से युक्त कर सकें।
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली के प्रो. गौरव सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में आंकड़ा-आधारित निर्णय शिक्षा की गुणवत्ता, प्रभावशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अध्यक्षता करते हुए निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह ने शिक्षा के विकास में एआई को उपयोगी बताया। कार्यक्रम में प्रो. आशीष श्रीवास्तव, डाॅ. राजा पाठक, डॉ. दीप्ति गुप्ता, सीडी राणा मौजूद रहे।
प्रवेश परीक्षा की तैयारियों का कुलपति ने लिया जायजा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने सोमवार को बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए शहर में बनाए जाने वाले केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। आगामी 31 मई को परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए सनबीम भगवानपुर, धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज, आरएस लॉ कॉलेज आदि जगहों पर केंद्र बनाया गया है। यहां उन्होंने गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए पेयजल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को व्यवस्थापकों को कहा।