सलईबनवां स्थित सीमेंट कंपनी के मुख्य गेट पर स्थानीय युवाओं का क्रमिक धरना बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने समेत 10 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। धरनारत युवाओं ने मांग की कि कंपनी स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दे। साथ ही क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास कराया जाए। उन्होंने कंपनी में कार्यरत श्रमिकों के लिए अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल श्रेणियों के अनुसार मजदूरी तय करने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने नियमित जल छिड़काव कर प्रदूषण नियंत्रण तथा भारी वाहनों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने की भी मांग की। उनका आरोप है कि धरना शुरू होने के दो दिन बाद भी कंपनी प्रबंधन या प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याएं सुनने नहीं पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में पंकज यादव, चंद्रशेखर साहनी, मुलायम सिंह, आलोक, सोनू, ओमप्रकाश, कैलाश सिंह, राम केवल, राकेश और अवधेश कनौजिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।