सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सराफा व्यापारी से लूटकांड का पर्दाफाश, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
छतीसगढ़ सीमा पर बभनी के शीशटोला जंगल में 18 जुलाई को हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश कर दिया गया है। मामले में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले में बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में 18 जुलाई को सर्राफा व्यापारी से हुई लूटकांड का सोनभद्र पुलिस ने खुलासा कर दिया। शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 12,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि 18 जुलाई को चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे शीशटोला जंगल में बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर चाकू से हमला किया और सोने-चांदी के आभूषण व करीब 40 हजार रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद बभनी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में गठित टीम शनिवार तड़के करीब 3:27 बजे शीशटोला जंगल में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे और मगरमाड़ तिराहे के पास बाइक फिसलने के बाद झाड़ियों की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रमेश साकेत (34) निवासी कनई, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मनोज साकेत (30) निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, पुलिस द्वारा फायर किया गया एक 9 एमएम खोखा, लूट में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (एमपी 66 एमजी 4630) तथा ₹12,200 नकद बरामद किए।
पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। मनोज साकेत ने पहले व्यापारी की रेकी की थी और लूट की रकम चारों आरोपितों में बराबर बांटी गई थी। पुलिस के अनुसार मनोज साकेत के खिलाफ मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रमेश साकेत पर हत्या और लूट का मामला भी दर्ज है। पुलिस फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।