टी-20 क्रिकेट: रोमांचक मुकाबले में वाणिज्य विभाग ने कार्मिक विभाग को 6 रनों से हराया, खिलाड़ियों ने दिखाया दम
Varanasi News: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से लहरतारा स्थित मिनी स्टेडियम में अंतर-विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता खेली जा रही है। इसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में वाणिज्य विभाग ने कार्मिक विभाग को 6 रनों से हरा दिया।
विस्तार
Varanasi News: ओपनर अमित राज के 44 बॉल पर 63 और कफिल अहमद के 41 बॉल पर 50 रन की ठोस शुरुआत के दम पर वाणिज्य विभाग ने आठ विकेट के नुकसान पर 187 रन का स्कोर बनाया। जवाब में कार्मिक विभाग के सुनील वर्मा ने 49 बॉल पर 91 रन बनाए, लेकिन वाणिज्य विभाग के ओपनिंग गेंदबाज संतोष ने चार ओवर में तीन विकेट लेकर टीम को 181 रन पर रोक दिया। रोमांचक मुकाबले में वाणिज्य विभाग ने कार्मिक विभाग को 6 रनों से हरा दिया।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से अंतर-विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट लहरतारा मिनी स्टेडियम में खेली जा रही है। वाणिज्य विभाग की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। वाणिज्य विभाग की तरफ से अमित राज ने 44 बॉल पर आठ चौके और दो छक्कों की मदद से 63 रन, कफिल अहमद ने 41 बॉल पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से 50 रन, विनय ने 15 बॉल पर पांच चौकों की मदद से 22 रन और संतोष ने 6 बॉल पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाए।
गेंदबाजी में कार्मिक विभाग के भृगेंद्र सिंह ने चार ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट, जबकि अनिल ने चार ओवर में 45 रन देकर 2 विकेट लिए। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कार्मिक विभाग की पूरी टीम 181 रन पर आउट हो गई। वाणिज्य विभाग ने यह मैच 6 रन से जीतकर 2 अंक अर्जित किए।
कार्मिक विभाग के सुनील वर्मा ने 49 बॉल पर 15 चौके और एक छक्के की मदद से 91 रन, अनिल श्रीवास्तव ने 27 बॉल पर तीन चौकों की मदद से 36 रन, राहुल ने 14 बॉल पर एक चौके की मदद से 20 रन और विनोद ने 8 रन बनाए। गेंदबाजी में वाणिज्य विभाग की तरफ से संतोष ने चार ओवर में 42 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि भूषण, अमित और जीशान को एक-एक विकेट मिला। वाणिज्य विभाग के अमित राज को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह ने दिया।
परिचालन ने लेखा विभाग को नौ विकेट से हराया
अंतर-विभागीय प्रतियोगिता के तीसरे दिन का दूसरा मैच परिचालन और लेखा विभाग के बीच खेला गया। लेखा विभाग की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में केवल 103 रन बना सकी। लेखा विभाग के अनुराग भट्ट ने 18 बॉल पर तीन चौकों की मदद से 23 रन, रवि रंजन ने 32 बॉल पर दो चौकों की मदद से 24 रन बनाए। गेंदबाजी में परिचालन विभाग के रामप्रवेश यादव ने चार ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि गोविंद, आशीष, गौरव, अनुराग और अजीत को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी परिचालन विभाग की टीम ने 7.1 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। परिचालन विभाग के रामप्रवेश यादव ने 15 बॉल पर 9 चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार स्टेशन डायरेक्टर छपरा राजेश कुमार ने दिया।